धौलपुर के फुटबॉल खिलाड़ी अंगद तोमर का राष्ट्रीय फुटबॉल टूर्नामेंट संतोष ट्रॉफी के लिए चयन किया गया है। उनके इस चयन पर जिला फुटबॉल संघ ने प्रसन्नता व्यक्त की है। अंगद तोमर इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में गुजरात और महाराष्ट्र के साथ खेलेंगे। यह प्रतियोगिता 21 दिसंबर तक चलेगी। जिला फुटबॉल संघ के अध्यक्ष गुरमीत मान ने बताया कि अंगद एक बेहतरीन और अनुशासित खिलाड़ी हैं। वे अन्य खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा स्रोत हैं और सीनियर होने के बावजूद मैदान पर सबसे अधिक समय बिताते हैं, साथ ही जूनियर खिलाड़ियों को हमेशा प्रोत्साहित करते हैं। संघ के सचिव संदीप राणा ने बताया कि अंगद ने इस प्रतियोगिता के लिए लंबे समय से कड़ी मेहनत की थी, जिसका परिणाम उनके राष्ट्रीय स्तर पर चयन के रूप में सामने आया है। अंगद के चयन पर जिला फुटबॉल संघ के संरक्षक डॉ. राधेश्याम गर्ग, गजेंद्र सिंह राणा, कोच असलम खान, मोहम्मद जाकिर हुसैन, राकेश परमार, विजय उदैनीय, प्रिंस जैन, धीरज शर्मा, मंगल परमार और रंजीत दिवाकर सहित कई गणमान्य व्यक्तियों ने उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।


