धौलपुर के निहालगंज थाना क्षेत्र में एक सड़क हादसे में युवक की मौत हो गई। बीपी कॉम्प्लेक्स के पास अज्ञात वाहन ने बाइक सवार को टक्कर मार दी, जिससे युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान शिवनगर निवासी रोबिन (28) पुत्र रामध्यान के रूप में हुई है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शव को जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया। शुक्रवार सुबह पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में शोक छा गया। निहालगंज थाना पुलिस ने अज्ञात वाहन ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही वाहन और ड्राइवर की पहचान कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


