धौलपुर नगर परिषद ने शहर में हो रहे अवैध निर्माण कार्य पर रोक लगाई है। नगर परिषद आयुक्त अशोक शर्मा के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में चार रिहायशी भवनों और एक कैफे को सील किया गया है। इस दौरान पुलिस जाब्ता भी तैनात रहा। इंस्पेक्टर प्रकाश चंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि शहर के बाड़ी रोड और धूलकोट रोड पर कुछ भवन मंजूरी के बाद भी नियमों का उल्लंघन करते हुए बनाए जा रहे थे। सूचना मिलते ही टीम ने कार्रवाई की। सबसे पहले बाड़ी रोड स्थित एक कैफे को सील किया गया। इसके बाद संसार सिंह नगर और जगदीश तिराहे के पास तीन रिहायशी भवनों पर कार्रवाई की गई। धूलकोट रोड पर भी एक रिहायशी भवन को सील किया गया। अधिकारियों के अनुसार इन सभी भवनों के निर्माण के लिए पहले अनुमति ली गई थी, लेकिन निर्माण कार्य नियमों के विपरीत किया जा रहा था। नगर परिषद की यह कार्रवाई अवैध निर्माण को रोकने और शहर में नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए की गई है।


