धौलपुर में अवैध बजरी खनन पर पुलिस का प्रहार:चंबल नदी घाटों से 12 ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त, माफिया फरार

धौलपुर पुलिस ने अवैध चंबल बजरी खनन और परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान के निर्देश पर डीएसटी, थाना सदर, निहालगंज और कोतवाली की संयुक्त टीमों ने चंबल नदी के घाटों पर दबिश दी। इस दौरान अवैध रूप से बजरी का खनन और परिवहन कर रही 12 ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को जब्त किया गया। डीएसटी टीम प्रभारी प्रेम सिंह को सूचना मिली थी कि थाना सदर धौलपुर क्षेत्र के घेर, भमरोली और साहनपुर सहित चंबल नदी के किनारे स्थित घाटों से अवैध बजरी का खनन कर ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से परिवहन किया जा रहा है। इस सूचना पर पुलिस अधीक्षक ने एक कार्ययोजना तैयार की, जिसके बाद विभिन्न पुलिस टीमों ने कच्चे रास्तों और संभावित मार्गों पर घेराबंदी की। पुलिस की अचानक कार्रवाई से बजरी माफियाओं में हड़कंप मच गया। घेराबंदी से बचने के लिए माफिया ऊबड़-खाबड़ जमीन और खेतों का फायदा उठाकर ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को मौके पर छोड़कर फरार हो गए। पुलिस टीमों ने सभी 12 बजरी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को जब्त कर थाना सदर धौलपुर में मामला दर्ज किया है। जब्त वाहनों के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। जिला पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने बताया कि जिले में अवैध खनन और परिवहन की रोकथाम के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने जानकारी दी कि वर्ष 2025 में अवैध खनन और परिवहन के मामलों में वर्ष 2024 की तुलना में लगभग 32 प्रतिशत अधिक कार्रवाई की गई है। वर्ष 2024 में 314 मामले दर्ज कर 440 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था, जबकि वर्ष 2025 में 414 मामले दर्ज कर 514 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इसी प्रकार अवैध खनन और परिवहन में इस्तेमाल किए गए वाहनों की जब्ती में भी वर्ष 2025 में लगभग 24 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। जिला पुलिस ने स्पष्ट किया है कि बजरी माफियाओं के नेटवर्क को पूरी तरह से खत्म करने के लिए यह अभियान आगे भी सख्ती से जारी रहेगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *