धौलपुर के रजौरा खुर्द गांव में आबकारी विभाग ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। विभाग ने साहब सिंह और धर्मेंद्र के पुश्तैनी और रिहायशी मकानों पर दबिश देकर उन्हें गिरफ्तार किया। इस कार्रवाई में अवैध शराब रखने और बेचने के आरोप में कुल 2 अभियोग दर्ज किए गए हैं। दबिश के दौरान मौके से विभिन्न ब्रांडों के 70 पव्वे अवैध शराब जब्त की गई। इसके साथ ही, एक डी-फ्रीजर, अवैध शराब के परिवहन में इस्तेमाल की जा रही एक मोटरसाइकिल और एक इलेक्ट्रिक स्कूटी को भी जब्त किया गया। यह कार्रवाई आबकारी आयुक्त, राजस्थान, उदयपुर द्वारा चलाए जा रहे विशेष निरोधात्मक अभियान के तहत की गई। जिला आबकारी अधिकारी धौलपुर पवन शर्मा के नेतृत्व में आबकारी निरीक्षक वृत बाड़ी धर्मवीर पचौरी और प्रहराधिकारी आबकारी निरोधक दल बाड़ी देवकरण गुर्जर मय जाप्ता ने इस अभियान को अंजाम दिया। गांव रजौरा खुर्द से लगातार अवैध शराब की बिक्री की शिकायतें मिल रही थीं, जिसके बाद मुखबिर की सूचना पर विभाग ने यह कार्रवाई की। आबकारी विभाग अब यह पता लगाने में जुटा है कि जब्त की गई अवैध शराब की आपूर्ति कहां से हुई और इस धंधे में कौन-कौन लोग शामिल हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी अवैध शराब के व्यापार में संलिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


