धौलपुर जिले के निहालगंज थाना क्षेत्र में एक आंगनबाड़ी कार्यकर्ता से ठगी का मामला सामने आया है। ओडेला रोड पर दो युवकों ने महिला को घर की परेशानियां दूर करने का झांसा देकर उसके सोने-चांदी के आभूषण हड़प लिए और मौके से फरार हो गए। जानकारी के अनुसार, जिरौली निवासी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सर्वेश पत्नी संतोष अपने केंद्र जा रही थीं। रास्ते में दो युवक उनसे मिले और बातचीत शुरू की। युवकों ने महिला को विश्वास में लिया और दावा किया कि वे उसके घर की समस्याओं का समाधान कर सकते हैं। झांसे में आकर महिला ने अपने कानों के कुंडल, सोने के झूले, चांदी की पायल और घर से लाए कुछ अन्य आभूषण उन दोनों युवकों को सौंप दिए। आभूषण लेने के बाद युवक वहां से चले गए। जब युवक काफी देर तक वापस नहीं लौटे, तब महिला को ठगी का अहसास हुआ। पीड़िता ने तत्काल निहालगंज थाने में इस संबंध में रिपोर्ट दर्ज कराई। महिला ने पुलिस को बताया कि पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें दोनों युवक उससे बातचीत करते हुए स्पष्ट दिखाई दे रहे हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही ठगी करने वाले आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


