धौलपुर में एरिया डॉमीनेशन अभियान:57 टीमों ने 296 स्थानों पर दी दबिश, 171 पर कार्रवाई

धौलपुर पुलिस ने जिले में अपराधों और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए सोमवार को एक विशेष ‘एरिया डोमिनेशन’ अभियान चलाया। पुलिस मुख्यालय और महानिरीक्षक पुलिस भरतपुर रेंज कैलाशचंद्र विश्नोई के निर्देशन में यह अभियान अलसुबह से दोपहर तक संचालित किया गया। इसमें 57 पुलिस टीमों ने 296 से अधिक स्थानों पर दबिश दी और कुल 171 व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई की। पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एडीएफ बाड़ी कमल कुमार जांगिड ने सुपरविजन किया। सभी थाना क्षेत्रों में विशेष टीमें गठित की गईं, जिनमें लगभग 238 पुलिस अधिकारी और जवान शामिल थे। इन टीमों ने हार्डकोर अपराधियों, हिस्ट्रीशीटरों, इनामी बदमाशों, वारंटियों और अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों को निशाना बनाया। अभियान के दौरान कुल 171 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया या उनके खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई की गई। पुलिस ने 14 सामान्य प्रकरणों और 2 जघन्य प्रकरणों में वांछित आरोपियों को पकड़ा। इसके अतिरिक्त, फरार चल रहे 25 गिरफ्तारी और स्थायी वारंटियों को भी गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने 18 स्थानीय और विशेष अधिनियमों के तहत नए प्रकरण दर्ज किए। इन मामलों में 112 व्यक्तियों को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 170 के तहत गिरफ्तार किया गया। अवैध शराब के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की गई। पुलिस ने 6 प्रकरण दर्ज कर 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया और उनके कब्जे से कुल 316 अवैध देसी शराब के पव्वे जब्त किए। इनमें कौलारी थाना से 55, मनियां से 40, राजाखेड़ा से 57, सदर धौलपुर से 56 और कंचनपुर थाना से 52 पव्वे बरामद हुए। इसी क्रम में, बसईडांग थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुरहन का पुरा निवासी भागेन्द्र पुत्र अमृतलाल को अवैध देसी कट्टा 315 बोर और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने बताया कि जिले में अवैध गतिविधियों में संलिप्त असामाजिक तत्वों, वांछित अपराधियों और वारंटियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि धौलपुर पुलिस अपराधियों के विरुद्ध ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति पर काम कर रही है और भविष्य में भी ऐसे विशेष अभियान चलाए जाते रहेंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *