धौलपुर में शनिवार सुबह से मौसम में बदलाव देखा गया। आसमान में बादल छाए रहे और हल्के कोहरे के साथ गलन ने ठिठुरन बढ़ा दी। जिले का न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस रहा। कड़ाके की ठंड का असर जनजीवन पर साफ दिखाई दिया। सुबह 8 बजे तक भी लोग घरों से बाहर निकलने से बचते रहे, जिससे सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा और सामान्य दिनों की तुलना में आवाजाही काफी कम रही। ठंडी हवाओं और गलन से बचने के लिए लोग अलाव और गर्म कपड़ों का सहारा लेते दिखे। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार बादल और नमी के कारण अगले कुछ दिनों तक ठंड का असर बना रह सकता है। प्रशासन ने नागरिकों से सावधानी बरतने और केवल आवश्यक होने पर ही घरों से बाहर निकलने की अपील की है।


