धौलपुर में जिला कांग्रेस कमेटी ने रविवार को गांधी पार्क में धरना दिया। मनरेगा का नाम बदलने, मनरेगा से महात्मा गांधी का नाम हटाने और रोजगार के कानूनी अधिकार को समाप्त करने का प्रयास को लेकर यह प्रदर्शन किया गया। गांधी पार्क में यह धरना दिया गया। धरने के दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष संजय जाटव ने कहा कि भाजपा सरकार मनरेगा को कमजोर करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने इसे अत्यंत चिंताजनक और जनविरोधी कदम बताया। राजाखेड़ा विधायक रोहित बौहरा ने इस कदम को एक ऐतिहासिक, अधिकार-आधारित जनकल्याणकारी कानून को कमजोर करने की सोची-समझी राजनीतिक साजिश करार दिया। कांग्रेस नेताओं ने शांतिपूर्ण प्रदर्शन के दौरान कहा कि मनरेगा देश के करोड़ों गरीब, मजदूर और ग्रामीण परिवारों के लिए आजीविका की गारंटी है। उनके अनुसार, इस योजना के माध्यम से महात्मा गांधी के विचारों और मूल्यों को साकार किया गया था, जिसे भाजपा खत्म करने का प्रयास कर रही है।
इस धरने में धौलपुर विधायक शोभारानी कुशवाहा, कांग्रेस नेता मोनू जादौन, धर्मेंद्र शर्मा, अविनाश शास्त्री, विवेक शर्मा और सद्दाम खान सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। महिला नेताओं ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।


