धौलपुर में कोहरे के साथ गिरी ओस की बूंदें:शीतलहर से बढ़ी परेशानी, अलाव का सहारा ले रहे लोग

धौलपुर जिले में लगातार तीसरे दिन कोहरे की वजह से सुबह सन्नाटा पसरा रहा। कोहरे के साथ गिरी ओस से गलन का एहसास हुआ। लगातार ठंड का असर बढ़ता ही जा रहा है। इससे जनजीवन भी अस्त-व्यस्त है। घने कोहरे के चलते विजिबिलिटी भी कम होती जा रही है। धौलपुर में सुबह यह विजिबिलिटी 100 मीटर से कम रह गई है। लोग ठंड से बचाव करने के लिए अलाव जलाकर बैठे हुए नजर आए। जिले का अधिकतम तापमान 20.3 डिग्री और न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री दर्ज किया गया है। जिले में कड़ाके की सर्दी और शीतलहर का दौर लगातार चल रहा है। गुरुवार सुबह घने कोहरे ने दस्तक दी थी। जो लगातार तीसरे दिन शनिवार को भी छाया रहा। सड़क मार्ग और हाईवे पर आवागमन की रफ्तार काफी कम हो गई है। एक जनवरी को धौलपुर जिले में मौसम साफ हो गया था, लेकिन गुरुवार सुबह अचानक मौसम का मिजाज बदल गया। जिस वजह से सर्दी बढ़ गई। गुरुवार से शुरू हुई गलन भरी सर्दी शनिवार को भी जारी रही। मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिम में हो रहे विक्षोभ की वजह से मौसम का मिजाज खराब चल रहा है। आगामी दिनों में शीतलहर के साथ कड़ाके की सर्दी देखने को मिल सकती है। धौलपुर जिले में सर्दी के चलते मौसम में नमी भी देखी गई है। कोहरे के साथ गिरी ओस जहां गेहूं की फसल के लिए फायदेमंद है, तो वहीं आलू में पाला गिरने की संभावना बनी हुई है। इसके चलते किसान आलू की फसल में पानी से सिंचाई कर रहे हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *