धौलपुर के मनियां थाना क्षेत्र में बोथपूरा गांव के पास एक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। युवक को टेम्पो ने टक्कर मारी थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया है। मृतक की पहचान राजाखेड़ा थाना क्षेत्र के जारे निवासी आकाश शर्मा (25) पुत्र बनवारी शर्मा के रूप में हुई है। आकाश किसी निजी काम से धौलपुर आया था और काम निपटाने के बाद बाइक से सैंया की ओर लौट रहा था।
इसी दौरान बोथपूरा गांव के पास सामने से आ रहे एक टेम्पो ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि आकाश गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद ग्रामीणों की मदद से घायल आकाश को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि, चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही मनियां थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने बताया कि परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज किया जाएगा।


