धौलपुर में राजाखेड़ा बाईपास रोड पर गुरुवार शाम एक तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से 50 वर्षीय साइकिल सवार व्यक्ति की मौत हो गई।
निहालगंज थाना क्षेत्र में हुए इस हादसे में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति ने जिला अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान अंबेडकर कॉलोनी निवासी मुकेश पुत्र रामप्रसाद जाटव के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, मुकेश किराने की दुकान का सामान लेने राजाखेड़ा बाईपास रोड की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से तेज गति से आ रहे ट्रक ने उनकी साइकिल को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद मुकेश को गंभीर हालत में जिला चिकित्सालय लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को मॉर्च्युरी में रखवाकर परिजनों को सूचना दी।
शुक्रवार सुबह परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर शव का पोस्टमॉर्टम करवाया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।


