धौलपुर के कोतवाली थाना क्षेत्र में रामसिंहपुरा के पास एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर और टेम्पो में जोरदार टक्कर हो गई। मिट्टी से भरे ट्रैक्टर और टेम्पो की इस भिड़ंत में सड़क किनारे खड़े एक 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसे में 3 महिलाएं और 1 मासूम भी घायल हुए हैं। मृतक की पहचान मोरोली गांव निवासी 25 वर्षीय रामधर उर्फ लाला पुत्र छोटेलाल गुर्जर के रूप में हुई है। घायलों में से एक की हालत गंभीर होने पर उसे हायर सेंटर रेफर किया गया है। मृतक के परिजन देवेंद्र सिंह गुर्जर ने बताया कि रामधर अपने रिश्तेदारों के साथ रामसिंहपुरा के पास किसी वाहन का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान ट्रैक्टर और टेम्पो में टक्कर हुई, जिससे दोनों वाहन सड़क किनारे खड़े लोगों को कुचलते हुए निकल गए। रामधर की मौके पर ही मौत हो गई।
स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


