धौलपुर में पुलिस लाइन के पास मयूरी नगर में एक घर में देर रात लूट हो गई। यहां 6-7 हथियारबंद बदमाशों ने परिवार को बंधक बनाकर लाखों रुपए के गहने, नकदी और 2 बाइक लूट ली।
यह वारदात 12-13 दिसंबर की दरम्यानी रात करीब 12 से 1 बजे के बीच हुई। बदमाश छत के रास्ते घर में घुसे। उन्होंने अपने चेहरे ढके हुए थे और अवैध हथियार, जैसे कट्टे, बंदूकें और लकड़ी के डंडे लिए हुए थे। पीड़ित घर मालिक संतोष कुमार ने निहालगंज थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि बदमाशों ने आते ही संतोष, उनकी मां किशनदेवी, बहन शीला और भाई रवि के सीने पर हथियार तान दिए। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी।
इसके बाद बदमाशों ने चांदी की 2 जोड़ी पायल, एक करधोनी, सोने की 3 अंगूठियां, चांदी की एक अंगूठी, बच्चों के चांदी के चूरे और बच्चे का सोने का आउम लूट लिए। इसके अलावा, 20,500 रुपए नकद भी ले गए।
घटना के बाद पीड़ित परिवार ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। गश्ती दल का वाहन मौके पर पहुंचा, लेकिन सिर्फ देखकर चला गया। संतोष कुमार ने पुलिस से सख्त कानूनी कार्रवाई और लूटे गए सामान की बरामदगी की मांग की है।


