धौलपुर के बाड़ा हैदर साहब स्थित महात्मा गांधी इंग्लिश मीडियम राजकीय स्कूल में प्रिंसिपल नरेश जैन के तबादले के विरोध में छात्राओं ने लगातार दूसरे दिन स्कूल गेट पर धरना प्रदर्शन किया। इस फैसले को लेकर छात्रों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। प्रिंसिपल के तबादले की सूचना बुधवार को मिली थी, जिसके बाद छात्र-छात्राएं भड़क उठीं और स्कूल के मुख्य गेट पर धरने पर बैठ गईं। गुरुवार सुबह भी छात्राएं हाथों में तख्तियां लेकर स्कूल पहुंचीं और प्रिंसिपल के तबादले के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी छात्राओं ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि जब तक प्रिंसिपल नरेश जैन को वापस इसी स्कूल में नहीं भेजा जाता, तब तक वे न तो कक्षाओं में बैठेंगी और न ही पढ़ाई करेंगी। प्रदर्शन के दौरान मौजूद अभिभावकों ने बताया कि प्रिंसिपल नरेश जैन के कार्यकाल में स्कूल का परीक्षा परिणाम 97% से अधिक रहा है। अभिभावकों का मानना है कि उनका तबादला गलत है, क्योंकि इससे उनके बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होगी। धरने पर बैठी छात्राओं ने प्रिंसिपल नरेश जैन की प्रशंसा करते हुए कहा कि उन्होंने स्कूल के शैक्षणिक स्तर को ऊंचाइयों तक पहुंचाया है। उनके कार्यकाल में पढ़ाई का माहौल बेहतर हुआ, अनुशासन कायम रहा और छात्रों को नियमित मार्गदर्शन मिला। छात्राओं ने उन्हें एक शिक्षक के साथ-साथ अभिभावक जैसा बताया, जो उनकी समस्याओं को सुनते और उनका समाधान करते थे।


