धौलपुर में शनिवार को आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत में महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल हुईं। जिला मुख्यालय और तालुका स्तर पर कुल 10 बेंचों का गठन किया गया। धौलपुर मुख्यालय में 4, बाड़ी में 4, सैंपऊ में 1 और राजाखेड़ा में 1 बेंच स्थापित की गई। जिले में कुल 5,778 लंबित मामलों में से 4,080 का निपटारा किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव रेखा यादव के अनुसार जिले में कुल 5,778 लंबित मामलों में से 4,080 का निपटारा किया गया। इनमें 869 फौजदारी प्रकरण, 38 एनआईएक्ट के मामले, 15 धन वसूली के प्रकरण और 33 एमएसीटी के मामले प्रमुख थे। लोक अदालत में कुल 3.53 करोड़ रुपए के अवॉर्ड पारित किए गए। बैंक संबंधी 78 प्री-लिटिगेशन मामलों में 87.63 लाख रुपए का निपटारा हुआ। एनआई एक्ट मामलों में 27.20 लाख और धन वसूली प्रकरणों में 3.91 लाख रुपए का निपटारा किया गया। एक उल्लेखनीय घटना में शादी के 6 माह बाद अलग हुए एक दंपती का पुनर्मिलन कराया गया। लोक अदालत की बेंच ने दोनों को समझाइश दी। दंपती ने एक साथ रहने की सहमति जताई। बेंच ने उन्हें माला पहनाकर और मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में एडीजे धौलपुर सावित्री आनंद निर्भीक, एमएसीटी जज प्रीति नायक, डीएलएसए सचिव रेखा यादव, एसीजेएम भीमसिंह मीणा, एसडीएम साधना शर्मा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और एडवोकेट उपस्थित रहे।


