धौलपुर में सड़कों से हटाया अतिक्रमण:नो पार्किंग में खड़े वाहनों के किए चालान, सड़क सुरक्षा माह के तहत चलाया अभियान

एसपी के दिशा निर्देशन में मनाए जा रहे राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत यातायात पुलिस द्वारा नगर परिषद धौलपुर के सहयोग से अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। हनुमान तिराहे से हलवाई खाना, निहालगंज चौकी, पुराना डाकखाना व लाल बाजार तक अतिक्रमण हटाकर दुकान से बाहर रखे सामान को नगर परिषद द्वारा मौके पर ही जब्त किया गया। यातायात पुलिस ने अभियान के तहत वाहन सवारों द्वारा नो पार्किंग में खड़े वाहनों के चालान किए। जिला यातायात प्रभारी टीनू सोगरवाल ने बताया कि बार-बार समझाइश के बाद भी दुकानदार सड़कों पर सामान रख रहे हैं। ऐसे में अब उनके विरुद्ध चालान की कार्रवाई नगर परिषद के माध्यम से अमल में लाई जा रही है। उन्होंने कहा कि सड़क आवागमन के लिए है। दुकानदार इन पर अवैध रूप से अपना सामान ना रखें। बीते कई दिनों से यातायात पुलिस को शिकायत मिल रही थी कि लोगों ने सड़कों पर अतिक्रमण कर रखा है, जिससे राहगीरों को आवागमन में परेशानी हो रही हैं, जिस शिकायत पर कार्रवाई की गई है। नगर परिषद सफाई निरीक्षक प्रकाश श्रीवास्तव ने बताया कि हमारे द्वारा 15 दुकानदारों के विरुद्ध चालान की कार्रवाई की गई और करीब 4300 रुपए की राशि उनसे वसूल की गई है। नगर परिषद आगे भी यह अभियान जारी रखेगी। सड़क के दोनों किनारों पर नालियों पर दुकानदार पत्थर लगाकर उन पर सामान रखते हैं। ऐसे दुकानदारों के खिलाफ नगर परिषद द्वारा सख्त कार्रवाई की जाएगी। अभियान के दौरान नगर परिषद के मोहन सिंह, प्रमोद कुमार, यातायात पुलिस के सहायक निरीक्षक महेश चंद, सतपाल सिंह चाहर प्रमुख रूप से उपस्थित थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *