पूर्वी राजस्थान के धौलपुर जिले में सर्दी का सितम लगातार जारी है। बादलों के छाए रहने से लगातार सूर्य देव के दर्शन नहीं हुए हैं। जिससे गलन भरी सर्दी का असर बना हुआ है। लगातार बादल छाए रहने से तापमान में भी 4 डिग्री तक की गिरावट आई है। रविवार के मुकाबले सोमवार को न्यूनतम तापमान 4.2 डिग्री गिरकर 9.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। रविवार को जिले का न्यूनतम तापमान 13.7 डिग्री दर्ज किया गया था। वहीं जिले का अधिकतम तापमान 20.4 डिग्री से 4.1 डिग्री लुढ़ककर 16.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। सोमवार सुबह छाए बादल की वजह से लोगों को तेज सर्दी का एहसास हुआ है। जिससे जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया। सर्दी की वजह से सड़कों पर ज्यादातर सन्नाटा पसरा रहा। मौसम में नमी के चलते दिन भर लोग अलाव तापते हुए दिखाई दिए। मौसम विभाग के मुताबिक अगले कुछ दिनों में सर्दी के तेवर और भी तीखे होंगे। पिछले दिनों हुई बारिश ने लोगों के लिए मुश्किलें बढ़ा दी हैं। कई जगह बारिश से जहां फसलों को फायदा हुआ है, तो कई जगह ओलों की वजह से खड़ी फसलें बर्बाद हो गई। मौसम विभाग के मुताबिक अगले कुछ दिनों में घना कोहरा छाया रहेगा। इसके साथ ही बारिश की भी संभावना जताई जा रही है।


