धौलपुर के पुराना शहर स्थित मोहल्ला मन्सबदारान पटपरा और नौगजा खदाना के निवासियों ने 100 साल से ज्यादा पुराने एक आम रास्ते को अवैध रूप से बंद करने का आरोप लगाया है। इस संबंध में उन्होंने जिला कलेक्टर को शिकायत दी है।
लोगों का कहना है कि यह रास्ता दोनों मोहल्लों को जोड़ने वाला मुख्य आवागमन मार्ग है, जिसे हाल ही में दीवार बनाकर अवरुद्ध कर दिया गया है। शिकायतकर्ताओं ने बताया कि त्यागी भवन के सामने से गुजरने वाला यह रास्ता पिछले 100 साल से ज्यादा समय से सार्वजनिक उपयोग में था। लगभग एक महीना पहले पुराना शहर धौलपुर निवासी नवधीलाल, संदीप और बिट्टू त्यागी ने इस रास्ते पर अवैध रूप से दीवार बना दी, जिससे आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया है। इसके कारण दोनों मोहल्लों के निवासियों और अन्य राहगीरों को भारी असुविधा हो रही है। रास्ता बंद होने से हैंडपंप तक नहीं पहुंच पा रहे लोग
प्रार्थना पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि इसी रास्ते के पास त्यागी भवन की ओर 100 वर्ष से अधिक पुराना एक कुआं था, जिससे मन्सबदारान, पटपरा, कसाई पाड़ा, नौगजा और खदाना मोहल्लों के लोग पेयजल प्राप्त करते थे। बाद में कुएं को बंद कर वहां एक सरकारी हैंडपंप स्थापित किया गया, जिससे आज भी कई मोहल्लों के लोग पानी भरते हैं। रास्ता बंद होने से मन्सबदारान पटपरा और कसाई पाड़ा के निवासी अब इस हैंडपंप तक नहीं पहुंच पा रहे हैं, जिससे क्षेत्र में पेयजल संकट उत्पन्न हो गया है। लंबा चक्कर लगाना पड़ रहा
निवासियों के अनुसार, रास्ता बंद होने से न केवल आवागमन बाधित हुआ है, बल्कि उन्हें अपनी दैनिक आवश्यकताओं के लिए भी लंबा चक्कर लगाना पड़ रहा है। इस स्थिति से बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को विशेष रूप से परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
प्रभावित लोगों ने कलेक्टर से मांग की है कि 100 वर्ष पुराने इस आम रास्ते पर बनाई गई अवैध दीवार को हटवाया जाए और रास्ते को पूर्ववत चालू कराया जाए। उनका कहना है कि इससे दोनों मोहल्लों सहित अन्य लोगों को आवागमन और पेयजल की सुविधाएं पुनः सुचारू रूप से मिल सकेंगी।


