धौलपुर में 4 महीने की प्रग्नेंट महिला की दहेज हत्या:ससुराल वालों ने गुपचुप किया अंतिम संस्कार, पानी डालकर बुझाई चिता

धौलपुर जिले के मनियां थाना क्षेत्र के इंछापुरा गांव में दहेज के लिए 4 महीने की गर्भवती विवाहिता की हत्या का मामला सामने आया है। ससुराल पक्ष ने मायके वालों को सूचना दिए बिना चोरी-छिपे उसका अंतिम संस्कार कर दिया। घटना के बाद ससुराल के लोग घर पर ताला लगाकर फरार हो गए। पीहर पक्ष को जब घटना की जानकारी मिली, तो वे तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने अपनी बेटी की जलती हुई चिता देखी। परिजनों ने इंजन चलाकर चिता पर पानी डालकर आग बुझाई और मनियां थाना पुलिस को सूचना दी। पानी से चिता बुझाकर मौके पर किया पोस्टमॉर्टम
सूचना मिलते ही सीओ मनियां खलील अहमद खिलजी, मनियां थाना पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से खून के निशान, कुल्हाड़ी, फावड़ा, लाठी सहित अन्य सामान जब्त किया। जिला अस्पताल से डॉक्टरों की टीम बुलाकर मौके पर ही पोस्टमॉर्टम कराया गया और डीएनए जांच के लिए नमूने लिए गए। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी पति पंकज ठाकुर पुत्र लाल सिंह ठाकुर को दबिश देकर गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि, आरोपी के अन्य परिजन मौके से फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है। इन 3 फोटोज के जरिए समझिए मामला अब पढ़िए क्या है पूरा मामला… 8 महीने पहले हुई थी शादी
मृतका के पिता देवेन्द्र सिंह परमार निवासी गढ़ी तुलसी खेरागढ़, आगरा ने पुलिस को रिपोर्ट दी है। उन्होंने बताया कि उनकी 24 वर्षीय बेटी गुड़िया की शादी 28 मई 2025 को इंछापुरा निवासी पंकज ठाकुर से हुई थी। शादी में लगभग 15 लाख रुपए नकद, बाइक, घरेलू सामान और जेवरात दहेज में दिए गए थे। पिता ने बताया कि बेटी की शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष अतिरिक्त दहेज में कार, सोने की चेन और भैंस की मांग कर रहा था। इसी बात को लेकर गुड़िया के साथ लगातार मारपीट और प्रताड़ना की जा रही थी। गुड़िया 4 महीने की गर्भवती थी। पत्नी पर शक करता था आरोपी पति
पीड़ित पिता ने बताया कि उनकी बड़ी बेटी पिंकी की शादी भी उसी गांव इंछापुरा में हुई थी। आरोपी पंकज अपनी पत्नी गुड़िया पर शक करता था और उसके जीजाजी से संबंध होने का आरोप लगाकर उसे मायके जाने और किसी से बातचीत करने से रोकता था। इसी बात को लेकर आए दिन मारपीट करता था। 3 जनवरी को हुई थी हत्या
मृतका के पिता ने बताया कि 3 जनवरी को उनके बड़े दामाद ओमपाल ने सूचना दी थी कि गुड़िया के ससुराल वालों ने उसकी हत्या कर दी है। हत्या करने के बाद ससुराल के लोग उसके शव को कही ले जा रहे है।
इस सूचना पर वह परिवारजनों के साथ इंछापुरा आया तो गुड़िया के ससुराल वाले घर से गायब मिले। जबकि घर में चारो तरफ खून व सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था।
तलाश के बाद पता चला कि घर के पीछे कंडों के बिटोला (ढेर) में किसी को जलाया जा रहा है। बिटोले के पास जाकर देखा तो बिटोले में गुड़िया के शव को जलाया गया था। जिसकी सूचना पुलिस को देकर मौके पर पुलिस बुलाई गई। आरोपी पति 2 दिन की रिमांड पर
3 जनवरी शनिवार अलसुबह करीब 2 से 3 बजे के बीच गुड़िया की मौत हो गई थी। जिसके शव को तड़के परिजनों ने जला दिया। गांव में ही रहने वाले दूसरे दामाद ओमपाल ने इसकी सूचना अपने ससुराल वालों को दी।
जिसके बाद 3 जनवरी की सुबह गुड़िया के परिजन मौके पर पहुंच गए। जहां बेटी की चिता जलती देख उन्होंने पुलिस को सूचना दी। घटना के बाद 3 जनवरी की देर शाम को गुड़िया के पिता ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस ने महिला के पति को पूछताछ के लिए थाने बुलाया। जहां आरोपी पति को ​हिरासत में लिया गया। पूछताछ करने के बाद आरोपी पति को देर रात गिरफ्तार कर दिया। रविवार 4 जनवरी को उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से कोर्ट ने आरोपी पति को 2 दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया। मोबाइल सिम का काम करता है आरोपी पति
मामले को लेकर सीओ खलील अहमद खिलजी ने बताया कि महिला का पति मोबाइल सिम का काम करता है। आरोपी पति के माता-पिता और छोटा भाई फरार हैं। वहीं दूसरी ओर मृतक महिला 5 बहनों में सबसे छोटी थी। ससुराल पक्ष के फरार सदस्यों की तलाश जारी मामले की जांच कर रहे सीओ खिलजी ने बताया कि ससुराल पक्ष के फरार सदस्यों की तलाश जारी है। मामले में हत्या व दहेज प्रताड़ना सहित गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच की जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *