धौलपुर के बाड़ी कस्बे में रविवार देर शाम संदिग्ध हालातों में एक 50 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस ने शव को जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाकर पोस्टमॉर्टम कराया और बाद में परिजनों को सौंप दिया। बाड़ी थाना के एएसआई वीरेंद्र शर्मा ने बताया कि मृतक की पहचान बाड़ी निवासी लाखन पुत्र पांचिया कुशवाह (50) के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, लाखन शराब पीने का आदी था। रविवार शाम उसने शराब के नशे में विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया था। विषाक्त पदार्थ के सेवन के बाद परिजन उसे तत्काल इलाज के लिए जिला अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को मॉर्च्युरी में रखवाया। सोमवार को शव का पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस ने इस संबंध में मर्ग दर्ज कर मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। पुलिस आत्महत्या के कारणों का पता लगा रही है।


