धौलपुर में जिला परिवहन एवं सड़क सुरक्षा विभाग ने एक सघन जांच अभियान के तहत 6 निजी बसों को जब्त कर सीज कर दिया है। इन बसों पर राजस्थान रोडवेज का रंग और लोगो लगाकर फर्जी तरीके से चलाया जा रहा था। जिला परिवहन अधिकारी गौरव यादव ने बताया कि विभाग को लगातार ऐसी शिकायतें मिल रही थीं कि कुछ निजी बसें रोडवेज बसों की तरह रंग-रूप बदलकर अवैध रूप से संचालित हो रही हैं। इन सूचनाओं के आधार पर परिवहन विभाग की टीमों ने वाहनों की जांच शुरू की। जांच के दौरान, धौलपुर से करौली और करौली से भरतपुर मार्ग पर चलने वाली कुछ बसों पर ‘राजस्थान परिवहन’ अंकित पाया गया। जब इन बसों के कागजात की जांच की गई, तो पता चला कि ये बसें राजस्थान रोडवेज की नहीं थीं। यात्रियों से बात करने पर उन्होंने बताया कि उन्हें परिचालक द्वारा टिकट भी नहीं दिए गए थे। डीटीओ यादव ने स्पष्ट किया कि विभाग ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत काम कर रहा है और सरकार के राजस्व को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि परिवहन विभाग ने कई स्कूल बसों को भी अधूरे कागजात के कारण सीज किया है। बालवाहिनी नियमों का पालन सुनिश्चित करने और बच्चों के सुरक्षित परिवहन के लिए यह अभियान जारी रहेगा।


