धौलपुर में जयपुर डिस्कॉम और जिला पुलिस ने मंगलवार देर शाम तक बड़े बिजली बकायेदारों के खिलाफ संयुक्त कार्रवाई की। राजाखेड़ा उपखंड के ग्रामीण क्षेत्रों में हुई इस कार्रवाई में 80 लाख रुपए से अधिक की बकाया राशि पर 16 ट्रांसफॉर्मर उतारे गए। डिस्कॉम सीएमडी आरती डोगरा की बड़े बकायेदारों पर बकाया राशि को लेकर नाराजगी के बाद डिस्कॉम ने यह कदम उठाया। ऐसे बकायेदारों की सूची तैयार की गई थी, जिन्होंने वर्षों से बिजली बिल जमा नहीं किए थे। डिस्कॉम कर्मी लंबे समय से इन उपभोक्ताओं से बिल भरने का आग्रह कर रहे थे। कार्रवाई के लिए डिस्कॉम अधिकारियों ने धौलपुर एसपी विकास सांगवान से पुलिस सहायता मांगी, जिसके बाद पुलिस बल उपलब्ध कराया गया। डिस्कॉम ने तीन टीमें बनाईं, जिनमें दो सहायक अभियंता (AEn), छह कनिष्ठ अभियंता (JEn) और 50 बिजलीकर्मी शामिल थे।
यह कार्रवाई डिस्कॉम एक्सईएन और कार्यवाहक एसई विवेक शर्मा के निर्देशन में हुई। एईएन राजाखेड़ा आनंद तिवारी, एईएन ग्रामीण अनुराग मित्तल और पुलिस अधिकारियों ने भी नेतृत्व किया। विवेक शर्मा ने बताया कि राजाखेड़ा उपखंड के गांव पटी में 15 लाख रुपए बकाया पर चार ट्रांसफॉर्मर, खुसेड़ा में 44 लाख रुपये बकाया पर आठ ट्रांसफॉर्मर, बिरजापुरा में 11 लाख रुपये बकाया पर दो ट्रांसफॉर्मर, विधूड़ी का अड्डा में 5 लाख रुपये बकाया पर एक ट्रांसफॉर्मर और बाबू पूरा से 5 लाख रुपए बकाया पर एक ट्रांसफॉर्मर उतारे गए। डिस्कॉम और धौलपुर पुलिस की इस संयुक्त कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। कई उपभोक्ता आनन-फानन में ट्रांसफॉर्मर और अवैध जम्पर हटाते देखे गए। कार्रवाई के दौरान एईएन राजाखेड़ा आनंद तिवारी, एईएन ग्रामीण अनुराग मित्तल, जेईएन मयंक मिश्रा, विशाल जयसवाल, रणवीर सिंह, विजेंद्र सिंह, अमित कुमार सिंह सहित बिजलीकर्मी और पुलिसकर्मी मौजूद रहे।


