नंगली सर्किल के नए पटवारी को 42 दिन बाद मिला चार्ज, प्रशासन ने दफ्तर का ताला तोड़ सीट पर बैठाया

भास्कर न्यूज | अमृतसर नंगली सर्किल में पटवारी के तबादले को लेकर चला आ रहा प्रशासनिक गतिरोध आखिरकार 42 दिन बाद वीरवार को एक अलग ही रूप में दिखा। नंगली सर्किल के पटवारी अमित बहल की जगह तैनात किए गए पटवारी रछपाल सिंह को आखिरकार प्रशासन ने ताला तुड़वाकर चार्ज दिलवा दिया। इसे लेकर पिछले कुछ दिनों से जिला प्रशासन और पटवारी के बीच काफी जद्दोजहद चल रही थी। पटवारी अपना चार्ज छोड़ने को तैयार नहीं था। पटवारी की ओर से पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में अपना चार्ज न छोड़ने का दावा करते हुए केस दायर किया था। मामले की 9 जनवरी 2026 की ही तारीख थी मगर प्रशासन ने एक दिन पहले ही सख्त रुख अख्तियार करते हुए यह कार्रवाई की। दरअसल 27 नवंबर 2025 को डिप्टी कमिश्नर दलविंदरजीत सिंह के आदेशों पर पटवारी अमित बहल का तबादला नंगली सर्किल से मुरादपुरा सर्किल कर दिया गया था। नया पटवारी डेढ़ माह तक बिना चार्ज के ही बैठा रहा। सूत्रों के मुताबिक, एसडीएम-2 मनकंवल सिंह चाहल की ओर से अमित बहल को चार्ज छोड़ने के लिए समन जारी किए गए लेकिन उन्होंने न समन का जवाब दिया और न ही चार्ज सौंपा। बुधवार को फिर से एसडीएम कार्यालय की ओर से चार्ज छोड़ने का समन भेजा गया लेकिन फिर कोई प्रतिक्रिया नहीं आई। वीरवार को अचानक पटवारी अमित बहल ने मेडिकल लीव ले ली और अस्पताल में दाखिल हो गया। जैसे ही प्रशासन को इसकी जानकारी मिली तो एसडीएम मनकंवल सिंह चाहल ने नायब तहसीलदार-2 करनबीर ढिल्लों को पटवारी रछपाल सिंह को चार्ज दिलवाने के आदेश जारी किए । इसके पश्चात नायब तहसीलदार करनबीर ढिल्लों टीम के साथ नंगली सर्किल कार्यालय पहुंचे लेकिन वहां ताला लगा मिला। इसके बाद प्रशासन ने मौके पर ही ताला तुड़वाकर नए पटवारी रछपाल सिंह को चार्ज दिलवा दिया। नायब तहसीलदार करनबीर ढिल्लों ने कहा कि पटवारी अमित बहल की ओर से तबादले पर कोई स्टे नहीं लिया गया था बल्कि चार्ज न देने को लेकर मामला दायर किया था। ऐसे में डीसी के आदेशों का पालन करना प्रशासन की जिम्मेदारी थी। सभी रिकॉर्ड की जांच के बाद रछपाल सिंह को चार्ज सौंप दिया गया। डेढ़ महीने तक नंगली सर्किल के लोग राजस्व से जुड़े कामों के लिए परेशान होते रहे। अब ताला तुड़वाकर चार्ज दिलवाने की कार्रवाई ने साफ कर दिया है कि मामला केवल तबादले का नहीं, बल्कि प्रशासनिक पकड़ और अनुशासन का भी था। फिलहाल नए पटवारी रछपाल सिंह ने कार्यभार संभाल लिया है। उनका कहना है कि लोगों को किसी तरह से परेशान नहीं होने दिया जाएगा। इस संबंधी पटवारी अमित बहल के मोबाइल नंबर संपर्क करने की कोशिश की जो फोन स्विच ऑफ था। एसडीएम ने 10 बजे पेश होने के लिए कहा तो मेडिकल सर्टिफिकेट भेज कर छुट्टी मांग ली बता दें कि पटवारी की ओर से सर्किल का कोई चार्ज न छोड़े जाने को लेकर डीसी ने ने एसडीएम-2 मनकंवल सिंह चाहल को यह चार्ज छुड़वाने की जिम्मेवारी दे रखी थी। इस संबंधी एसडीएम 2 की ओर से पटवारी अमित बहल और रशपाल सिंह को 8 जनवरी 2026 को सुबह 10 बजे अपने दफ्तर में सभी दस्तावेज लेकर पेश होने के लिए कहा था। मुरादपुरा के सर्किल पटवारी रशपाल सिंह अपना रिकार्ड लेकर पेश हो गया और स​र्किल नंगली का पटवारी अमित बहल की ओर से कानूनगो रतन सिंह के माध्यम से मेडिकल सर्टिफिकेट भेजते हुए 8 से 10 जनवरी 2026 तक छुट्टी के लिए आवेदन भेज दिया। एसडीएम को नंगली में पटवारी की ओर से न आने के कारण लोगों को माल रिकार्ड की नकल लेने संबंधी काफी शिकायतें भी आ रही थीं। जिसके बाद एसडीएम ने नायब तहसीलदार-2 को उक्त चार्ज पटवारी को सौंपने के आदेश जारी किए। नंगली सर्किल का दफ्तर, रछपाल को चार्ज दिलवाते नायब तहसीलदार-2 करनवीर सिंह।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *