नई ट्रेनों का शेड्यूल जारी:अभनपुर से कुरूद तक पटरी बिछाने का काम पूरा, ट्रेन चलने से 25 लाख को राहत

रायपुर से राजिम तक के लिए नई ट्रेनों का शेड्यूल जारी कर दिया गया है। रेलवे जल्द ही इन नई ट्रेनों का परिचालन शुरू कर देगा। इसके साथ ही अभनपुर से कुरूद तक करीब 22 किमी तक पटरी बिछाने का काम पूरा हो गया है। अभी ओएचई तार और सिग्नल की जांच हो रही है। इसके बाद आला अफसर ट्रेन चलाकर पटरियों की जांच करेंगे। उसके बाद कोलकत्ता से आकर सीआरएस (रेलवे सुरक्षा आयुक्त) की टीम जांच करेगी। सीआरएस टीम से हरी झंडी मिलने के बाद कुरूद तक ट्रेन चलाने का रास्ता साफ हो जाएगा। रेलवे अफसरों को कुरूद तक रेलवे लाइन और बिजली का काम पूरा करने का 31 अगस्त तक का लक्ष्य दिया गया है। कुरूद से धमतरी तक पटरी बिछाने का काम तेजी से जारी है। इस ट्रेन के चलने से रायपुर से धमतरी तक करीब 25 लाख की आबादी को सीधा फायदा होगा। नवा रायपुर से धमतरी तक पटरी बिछाने का काम तेजी से चल रहा है, इससे धमतरी और रायपुर आपस में जुड़ जाएंगे। केंद्री से धमतरी और अभनपुर राजिम तक करीब 67 किलोमीटर तक बड़ी रेल लाइन बिछाई जा रही है। इस प्रोजेक्ट को रेलवे तकरीबन 550 करोड़ की मंजूरी मिली है। रायपुर-धमतरी के बीच फिलहाल तीन बड़े स्टेशन अभनपुर, कुरूद और धमतरी में बनाया जा रहा है। इनके अलावा चटौद, सिर्री, सारसापुरी और सांकरा गांव को पैसेंजर हाल्ट बन रहा है। इस रुट की ट्रेन कुछ देर के लिए यहां रुकेगी। इस पूरे रुट को नवा रायपुर के केंद्री स्टेशन से जोड़ा जाएगा। रेलवे मंडल ने रायपुर-धमतरी के बीच रेल लाइन प्रोजेक्ट को मार्च 2022 तक पूरा करने का लक्ष्य तय किया था, लेकिन अभी तक सिर्फ अभनपुर, राजिम और कुरूद तक ही पटरी बिछाने का काम पूरा हो पाया है। कुरूद से धमतरी तक पटरी बिछाने का काम चल रहा है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *