विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने मंगलवार को दिल्ली में संसद भवन में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की। डॉ. सिंह ने प्रधानमंत्री से 1 नवम्बर को छत्तीसगढ़ की रजत जयंती पर नवा रायपुर में बने नए विधानसभा भवन के उद्घाटन का अनुरोध किया। बाद में उन्होंने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से लोकार्पण समारोह की अध्यक्षता करने का अनुरोध किया। बिरला ने समारोह में आने की मंजूरी दे दी है। स्पीकर डॉ. सिंह ने प्रधानमंत्री को बताया कि नवा रायपुर में ही प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय का भी नया भवन बन कर तैयार है। फिर उन्होंने ब्रह्माकुमारी बहनों की ओर से पीएम मोदी को इस भवन के लोकार्पण समारोह में आने का भी निमंत्रण दिया। प्रधानमंत्री ने उनके अनुरोध को स्वीकार कर लिया है। स्पीकर डॉ. सिंह ने कहा कि छत्तीसगढ़ अपने गठन के 25 वर्ष पूरे कर रहा है। इस ऐतिहासिक अवसर पर नए विधानसभा भवन का लोकार्पण प्रदेश की लोकतांत्रिक परंपराओं को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा।


