खंडवा| सिविल लाइंस क्षेत्र में बन रहे नगर निगम के नए कार्यालय भवन का अब तक 85 फीसदी काम हो चुका है। शुक्रवार को महापौर अमृता अमर यादव ने अफसरों के साथ नए भवन का निरीक्षण कर चल रहे कामों का जायजा लिया। उन्होंने बताया नए निगम भवन का निर्माण पूर्णता की ओर है। अभी चौथी मंजिल पर अंतिम चरण में काम चल रहा है। इस दौरान महापौर ने कॉन्फ्रेंस रूम की क्षमता बढ़ाने और इसमें कुछ लेआउट संबंधी सुधार के लिए भी कहा। साथ ही छत पर सोलर पैनल स्थापित करने को लेकर भी चर्चा की। आयुक्त प्रियंका राजावत ने वर्तमान में उपलब्ध फर्नीचर की सूची और अधिकारियों-कर्मचारियों का विवरण जल्द तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा आवश्यक फर्नीचर की मांग और कक्ष आवंटन की प्रक्रिया को व्यवस्थित रूप से पूरा किया जा सके। इस अवसर पर भाजपा नेता अमर यादव, सुनील जैन, भारत सुरजाये, भूपेंद्र सिंह बिसेन, नवनीत शुक्ला, गौरव खरे, ठेकेदार दीपेश राठौर सहित अधिकारी-कर्मचारी मौजूद थे।


