नए मंत्रियों के लिए नवा रायपुर में सिर्फ 3 ही बंगले बाकी, इसलिए पसंद नहीं चलेगी, जो है वही मिलेगा

प्रदेश में कैबिनेट विस्तार के बाद नए मंत्रियों के लिए बंगले की खोज शुरू हो गई है। नवा रायपुर में मंत्रियों के लिए 14 बंगले बने हैं, लेकिन इसमें 11 पहले ही अलॉट हो चुके हैं। अब केवल तीन ही बाकी हैं। ऐसे में नए मंत्रियों के पास कोई खास विकल्प नहीं है। जो बंगला बाकी है उन्हें वही लेना होगा। नए बंगलों की तलाश कर रहे मंत्रियों ने नवा रायपुर जाकर इन बंगलों को देख भी लिया है। लेकिन अभी तक एक भी मंत्री को बंगला आवंटित नहीं किया गया है। नवा रायपुर सेक्टर 24 में एम 3, एम 4 और एम 14 नंबर के बंगले ही खाली हैं। राज्य के नए पर्यटन मंत्री गजेंद्र यादव और शिक्षा मंत्री खुशवंत सिंह साहब ने तीनों बंगला देख लिया है। बंगलों को देखने के बाद किसी भी मंत्री ने नए आवास के लिए आवेदन नहीं किया है। अफसरों का कहना है कि मंत्रियों ने बंगला देख लिया है। उनकी ओर से आवेदन आने के बाद ही बंगलों को अलॉट करेंगे। अभी तक यह भी तय नहीं हो पाया है कि नए मंत्री पुराने या नए शहर में रहेंगे। नवा रायपुर में सीएम आवास में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के साथ ही मंत्री बंगलों में कृषि मंत्री रामविचार नेताम, परिवहन मंत्री केदार कश्यप, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाडे, पीडब्ल्यूडी मंत्री अरुण साव और खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल शिफ्ट हो चुके हैं। इनके अलावा गृह मंत्री विजय शर्मा, उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल और राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा को बंगला अलॉट हो चुका है। लेकिन उन्होंने अभी तक शिफ्टिंग नहीं की है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *