नए वर्ष-2025 को लेकर सागर कलेक्टर संदीप जीआर ने अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट की हैं। उन्होंने कहा कि नए वर्ष में शिक्षा और स्वास्थ्य पर विशेष फोकस किया जाएगा। जिसके तहत एंबुलेंसों की ट्रिपल-सी से मॉनिटरिंग कराई जाएगी। ताकि कम से कम समय में एंबुलेंस मरीज तक पहुंचाई जा सके। कलेक्टर ने कहां कि वर्ष-2024 में जो भी संभव हो सका उसको करने के प्रयास किए गए हैं। इन्हीं प्रयासों को वर्ष-2025 में और अधिक प्रभावी रूप से क्रियान्वित किया जाएगा। एंबुलेंस को समय पर पहुंचने के लिए ट्रिपल-सी मॉनिटरिंग की जाएगी। गर्भवती महिलाओं को समय पर टीकाकरण हो और सुरक्षित प्रसव हो सके, इसके लिए भी लगातार प्रयास किए जाएंगे। आशा और स्वास्थ्य विभाग की अन्य कर्मचारियों व अधिकारियों को प्रशिक्षण भी दिलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि शिक्षा में सुधार के लिए लगातार निरीक्षण किए जाएंगे। जिले का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहे, इसके लिए नए वर्ष से अतिरिक्त कक्षाओं का संचालन भी कराया जाएगा। कमजोर और कम उपस्थिति वाले छात्र-छात्राओं को मूल धारा में जोड़ा जाएगा। पात्रों को दिलाया जाएगा योजनाओं का लाभ
कलेक्टर संदीप जीआर ने कहा कि शासन की योजनाओं का शत-प्रतिशत क्रियान्वयन करने के लिए सभी पात्रों को लाभ दिलाने का कार्य भी किया जाएगा। इसी प्रकार बिजली, पानी, सड़क के लिए भी कार्य किए जाएंगे। श्रद्धांजलि योजना के नवाचार के माध्यम से शासकीय सेवा के दौरान दिवंगत अधिकारी, कर्मचारी के परिजनों को अनुकंपा नियुक्ति दी जा रही है। दिवंगत के परिवारजन को मृत्यु प्रमाण पत्र, अंत्येष्टि सहायता, पेंशन और अन्य सहायता तत्काल दी जा रही हैं। जिले में श्रद्धांजलि योजना के माध्यम से अब तक 47 लोगों को अनुकंपा नियुक्ति दी जा चुकी है, जो वर्षों से लंबित थे। इसके अलावा जिले में पहली बार तालाबों का सीमांकन कराते हुए मुनारे भी बनवाई जा रही हैं। जिससे तालाबों का अतिक्रमण रोका जा सकेगा। साथ ही जल संरक्षण और संवर्धन में भी सहायता होगी।


