प्रदेश में स्कूली पाठ्यक्रम में बदलाव की तैयारी है। यह बदलाव तीन चरणों में किया जाएगा। पहले चरण में पहली से पांचवीं कक्षा तक के सिलेबस में बदलाव होगा। यह बदलाव नए सत्र 2025-26 से होगा। इसके बाद दूसरे चरण में छठी से नौवीं और 11वीं कक्षा के सिलेबस में सत्र 2026-27 से बदलाव होगा। तीसरे और अंतिम चरण में 10वीं और 12वीं कक्षा के सिलेबस में सत्र 2027-28 से बदलाव होगा। पांचवीं कक्षा तक का सिलेबस राजस्थान राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (आरएससीईआरटी) उदयपुर की ओर से तैयार किया गया है। अब सरकार से मंजूरी का इंतजार है। मंजूरी मिलने के बाद इसको राजस्थान पाठ्यपुस्तक मंडल भेजा जाएगा। इसके बाद किताबों की प्रिंटिंग शुरू होगी। नया पाठ्यक्रम एनईपी-2020, एनसीएफ-2023 व एनसीईआरटी द्वारा किए जा रहे परिवर्तन के अनुरूप होगा। पहली से आठवीं कक्षा तक का सिलेबस आरएससीईआरटी और नौवीं से 12वीं कक्षा तक का सिलेबस राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड बनाता है। बदलाव के लिए शिक्षा विभाग ने बोर्ड के सचिव और आरएससीईआरटी के निदेशक को भी पत्र लिखा है। इसमें 15 मई से 31 अक्टूबर 2025 तक का पूरा एक्शन प्लान मांगा गया है। ये हैं राज्य स्तर पर बनी पाठ्यक्रम समीक्षा समिति के सदस्य राज्य स्तर पर बनाई गई पाठ्यक्रम समीक्षा समिति में वर्धमान महावीर खुला विवि कोटा के कुलपति प्रो. कैलाश सोढाणी को अध्यक्ष और शिक्षाविद् हनुमान सिंह राठौड़ को उपाध्यक्ष बनाया गया था। शिक्षाविद् डी. रामाकृष्ण राव को सलाहकार सदस्य, शिक्षामंत्री के विशेषाधिकारी सतीश कुमार गुप्ता की नियुक्ति सदस्य सचिव के रूप में हुई थी। पूर्व कुलपति कोटा यूनि. एवं पूर्व सदस्य राजस्थान लोक सेवा आयोग प्रो. प्रमेंद्र कुमार दशोरा, माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष भारत राम कुमार, सेवानिवृत्त शिक्षाविद् श्याम सुंदर बिस्सा, जयंतीलाल खंडेलवाल व कन्हैयालाल बेरीवाल सेवानिवृत्त आईपीएस को भी सदस्य बनाया गया। सिलेबस समीक्षा की रफ्तार धीमी
शिक्षा विभाग ने स्कूली शिक्षा के पाठ्यक्रम की समीक्षा के लिए पांच महीने पहले राज्य स्तर पर पाठ्यक्रम की समीक्षा समिति का गठन किया था। कमेटी को एक महीने में अपनी रिपोर्ट सौंपनी थी, लेकिन कमेटी की सिलेबस की समीक्षा की रफ्तार धीमी रही। कमेटी गठन के समय कहा गया था कि नए सत्र में सिलेबस में 30% तक बदलाव किया जाएगा, लेकिन धीमी रफ्तार के चलते केवल पांचवीं तक के सिलेबस में ही बदलाव की तैयारी है। मंजूरी के बाद आगे की प्रक्रिया शुरू
“पांचवीं कक्षा तक का नया सिलेबस तैयार कर लिया गया है। सरकार से मंजूरी का इंतजार है। मंजूरी मिलने के बाद आगे की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी जाएगी।”
-श्वेता फगेरिया, निदेशक, राजस्थान राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद, उदयपुर


