राजस्थान में आगामी शैक्षणिक सत्र 2026-27 से सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों को नई और संशोधित सिलेबस की किताबें मिलेंगी। राजस्थान राज्य पाठ्यपुस्तक मंडल ने कक्षा 1 से 12वीं तक के सिलेबस में आंशिक बदलाव किए हैं। मंडल सचिव रंजीता गौतम ने इस संबंध में राज्य के सभी जिला वितरण केंद्रों को दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं, ताकि नया सत्र समय पर शुरू हो सके और विद्यार्थियों को संशोधित सिलेबस की किताबें उपलब्ध कराई जा सकें। नई पुस्तकों में राजस्थान की समृद्ध संस्कृति, लोककला, भूगोल और इतिहास को विशेष स्थान दिया गया है।
महान व्यक्तित्वों के योगदान से परिचित कराया जाएगा
स्टूडेंटस को प्रदेश के महान व्यक्तित्वों और उनके योगदान से परिचित कराया जाएगा। इनमें प्रमुख रूप से महाराणा प्रताप, पन्नाधाय, रानी पद्मावती, अमृता देवी बिश्नोई और महाराजा सूरजमल जैसे प्रेरणादायक चरित्र शामिल हैं। पिछले साल की तुलना में इस बार लगभग 10 प्रतिशत अधिक किताबें प्रकाशित कराई जा रही हैं, ताकि विद्यार्थियों की संख्या के अनुरूप किताबें उपलब्ध हो सके। शिक्षक संघ रेसटा प्रदेशाध्यक्ष मोहर सिंह सलावद ने बताया कि बच्चों को अपनी मिट्टी, संस्कृति और इतिहास से जोड़ना समय की जरूरत है। 1 अप्रैल से शुरू होगा नए सत्र हालांकि, चिंता इस बात को लेकर है कि 1 अप्रैल से शुरू हो रहे नए सत्र से पहले सभी बच्चों को नई किताबें मिल जाए। क्योंकि सेशन एक अप्रैल से शुरू होना है। अगर सत्र के पहले सप्ताह तक किताबें मिल जाए तो ठीक है। पाठ्य पुस्तक मंडल जयपुर द्वारा राज्य के सभी सरकारी स्कूलों में नया सत्र शुरू होने से पहले ही विद्यार्थियों तक नए पाठ्यक्रम की पुस्तकें पहुंचे, यह सुनिश्चित करना चाहिए।


