भास्कर न्यूज | कोरबा। पुराने साल की विदाई व नए साल के स्वागत के लिए 31 दिसंबर की रात से लेकर 1 जनवरी की शाम तक जश्न का माहौल रहता है। इस दौरान लोग पिकनिक स्पॉट, पर्यटन केंद्र, गार्डन व दर्शनीय स्थलों पर पहुंचते हैं। अधिकांश लोग परिवार समेत नए साल का पहला दिन ऐसे स्थानों पर पिकनिक मनाने पहुंचते हैं। युवा भी बड़ी संख्या में ऐसे स्थानों पर पहुंचकर साल के पहले दिन का एन्जॉय करते हैं। पूर्व में भीड़भाड़ के दौरान अप्रिय घटना, हादसे व हुडदंग हो चुके हैं। जिसके मद्देनजर एसपी सिद्धार्थ तिवारी ने 31 दिसंबर व नए साल के दौरान हादसे व हुड़दंग रोकने के लिए पुलिस की चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था की है। जिसके तहत मंगलवार की शाम से सभी पिकनिक, पर्यटन व दर्शनीय स्थलों पर पुलिस टीमें तैनात की गई हैं। जो क्षेत्र में निगरानी कर रहे हैं। प्रमुख चौक-चौराहों पर पुलिस व यातायात पुलिस की टीमें सुरक्षा व वाहन चेकिंग में जुट गई हैं। शहरी व आऊटर क्षेत्र में पेट्रोलिंग टीमें लगाई गई हैं। महिला सुरक्षा के लिए पिंक पेट्रोलिंग टीम को एक्टिव किया गया है। शहर के व्यावसायिक क्षेत्रों में सुरक्षा के लिए प्रमुख स्थानों पर सशस्त्र जवानों की तैनाती भी की गई है। उक्त सुरक्षा व्यवस्था बुधवार की शाम तक जारी रहेगी। आपातकाल में इन नंबर पर दे सकते हैं सूचना एक तरफ सभी स्थल पर पुलिस बल की तैनाती गई है तो दूसरी ओर आपातकालीन समय के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया गया है। लोग पुलिस कंट्रोल रूम के नंबर 9479193399 व डायल 112 में कॉल करके पुलिस की मदद मांग सकते हैं। जहां से निकट के पुलिस बल व पेट्रोलिंग टीम को मौके पर भेजकर मदद पहुंचाई जाएगी। आमजन सुरक्षा नियमों का पालन करें: एसपी ^एसपी सिद्धार्थ ने बताया कि नए साल के मौके पर पिकनिक व पर्यटन स्थल समेत दर्शनीय स्थलों पर भीड़ अधिक रहती है इसलिए उक्त स्थानों पर पुलिस टीमों की तैनाती की गई है। प्रमुख मार्गों पर यातायात पुलिस की टीम को वाहन चेकिंग में लगाया गया है, जिनके द्वारा यातायात नियमों का पालन नहीं करने और शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई कर रही है। आमजन से अपील है कि नए साल का जश्न मनाते समय सुरक्षा नियमों और वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करें। यातायात नियमों की अनदेखी की तो खैर नहीं एडिशनल एसपी यूबीएस चौहान के मुताबिक शहर के प्रमुख चौराहों व भीड़भाड़ वाले स्थानों पर फिक्स पाइंट बनाया गया है। वहीं शहर व आऊटर में यातायात पुलिस की चेकिंग पाइंट भी बनाए गए हैं। जहां नए साल का जश्न मनाने आवाजाही करने वाले वाहन चालकों की चेकिंग की जाएगी। इस दौरान ओवर स्पीड, तीन सवारी व शराब पीकर वाहन चलाने वालों को पकड़कर सीधे कार्रवाई की जाएगी। हेलमेट नहीं लगाने पर भी चालान किया जाएगा।


