नए साल पर हुड़दंग रोकने 19 पेट्रोलिंग पार्टियां और 150 जवान तैनात

भास्कर न्यूज | बलौदाबाजार नववर्ष 2026 के स्वागत के साथ ही जिले में शांति और कानून व्यवस्था को लेकर बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस पूरी तरह एक्शन मोड में आ गई है। किसी भी प्रकार की अव्यवस्था, हुड़दंग या आपराधिक गतिविधि को जड़ से खत्म करने के लिए पुलिस ने जिले में व्यापक और सख्त सुरक्षा प्रबंध लागू कर दिए हैं। इसके तहत संपूर्ण जिले को चार अनुविभागों में विभाजित कर जिम्मेदार अधिकारियों की कमान में चौकस निगरानी शुरू कर दी गई है। बलौदाबाजार अनुविभाग में एसडीओपी बलौदाबाजार के निर्देशन में सिटी कोतवाली, पलारी थाना और करहीबाजार चौकी क्षेत्र में पुलिस बल लगातार पेट्रोलिंग कर रहा है। वहीं भाटापारा अनुविभाग की कमान एसडीओपी भाटापारा तारेश साहू के हाथों में है, जहां भाटापारा शहर, भाटापारा ग्रामीण, सिमगा और सुहेला थाना क्षेत्रों में सख्त निगरानी और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। इसी तरह कसडोल अनुविभाग अंतर्गत कसडोल, लवन, राजादेवरी, गिधपुरी, गिधौरी थाना एवं गिरौदपुरी, बया, सोनाखान चौकी क्षेत्रों की जिम्मेदारी उप पुलिस अधीक्षक कैम्प कसडोल कौशल किशोर वासनिक को सौंपी गई है। उनके नेतृत्व में संबंधित थाना-चौकी प्रभारी पुलिस बल के साथ लगातार गश्त और निगरानी कर रहे हैं। पूरे जिले में 19 पेट्रोलिंग पार्टियां सक्रिय कर दी गई हैं, जो 31 दिसंबर की रात 8 बजे से ही लगातार क्षेत्र में गश्त कर रही हैं। इसके अलावा जिले के 30 संवेदनशील और भीड़ वाले स्थानों—जैसे गार्डन चौक, बस स्टैंड बलौदाबाजार, साईं मंदिर चौक पलारी, लवन बस स्टैंड, कसडोल पुराना थाना चौक, अस्पताल चौक भाटापारा—पर फिक्स पिकेट लगाकर पुलिस बल तैनात किया गया है। नववर्ष के दौरान कुल 150 पुलिसकर्मी जिलेभर में शांति और यातायात व्यवस्था संभाल रहे हैं। पर्यटन स्थलों पर भी पुलिस तैनात: 1 जनवरी 2026 को जिले के प्रमुख पर्यटन और पिकनिक स्थलों—गिरौदपुरी, सोनाखान, तुरतुरिया, बलार डैम, सोनबरसा जंगल, धमनी, बालसमुंद मंदिर, सेमरियाघाट पर भी अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किया गया है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को पहले ही रोका जा सके। पुलिस प्रशासन ने साफ शब्दों में अपील की है कि नागरिक नववर्ष को शांतिपूर्ण, अनुशासित और सुरक्षित तरीके से मनाएं। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या आपात स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचना दें—क्योंकि इस बार कानून तोड़ने वालों के लिए कोई रियायत नहीं होगी। नववर्ष के जश्न की आड़ में तेज रफ्तार, नशे में वाहन चलाने और मॉडिफाइड साइलेंसर जैसी हरकतों पर लगाम कसने के लिए यातायात पुलिस को भी उतार दिया गया है। उप पुलिस अधीक्षक यातायात अमृत कुजूर के निर्देशन में बलौदाबाजार, भाटापारा, सिमगा और कसडोल क्षेत्रों में विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। नियम तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *