नए साल से पहले सर्राफा बाजार में बड़ी गिरावट:सोना 4 हजार टूटा, चांदी में रिकॉर्ड 12,500 रुपए प्रति किलो की गिरावट, आगे भी जारी रहेगा उतार-चढ़ाव

नए साल से पहले सर्राफा बाजार में बड़ी हलचल देखने को मिल रही है। रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच चुके सोने और चांदी के दामों में मंगलवार को तेज गिरावट दर्ज की गई। स्टैंडर्ड सोने की कीमत में करीब 4 हजार रुपए की गिरावट आई है, हालांकि इसके बावजूद सोना अब भी ऐतिहासिक ऊंचाई के आसपास कारोबार कर रहा है। वहीं चांदी में अब तक की सबसे बड़ी एक दिन की गिरावट देखने को मिली, जिसमें प्रति किलो 12 हजार 500 रुपए टूट गए। सर्राफा बाजार के अनुसार गिरावट के बाद भी सोने के दाम मजबूत बने हुए हैं। जयपुर में स्टैंडर्ड सोना 10 ग्राम 1 लाख 38 हजार 500 रुपए पर आ गया है। चांदी रिफाइन की कीमत गिरकर 2 लाख 40 हजार रुपए प्रति किलो पर पहुंच गई है। व्यापारियों का कहना है कि कीमतों में यह गिरावट मुनाफा वसूली और अंतरराष्ट्रीय बाजारों के उतार-चढ़ाव का असर है। सर्राफा व्यापारी भवानी सिंह राजावत के अनुसार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चांदी की भौतिक उपलब्धता बेहद कम हो गई है। दुनियाभर में बड़े निवेशक, बैंक और कारोबारी फिलहाल चांदी के फिजिकल सौदों के बजाय कागजी सौदों पर ज्यादा फोकस कर रहे हैं। इससे बाजार में चांदी की डिमांड तो बढ़ी है, लेकिन सप्लाई लगभग ठप हो गई है। यही वजह है कि रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचने के बाद अब कीमतों में अस्थायी गिरावट देखने को मिल रही है। उनका कहना है कि यह गिरावट ज्यादा दिन टिकने वाली नहीं है और आने वाले समय में चांदी के दाम फिर से मजबूत हो सकते हैं। व्यापारियों का अनुमान है कि अगले कुछ दिनों तक सोने और चांदी की कीमतों में उठापटक बनी रह सकती है। रिकॉर्ड ऊंचाई के बाद सोने के दाम कुछ और नरमी के साथ 1 लाख 35 हजार रुपए प्रति 10 ग्राम तक भी आ सकते हैं। हालांकि लंबी अवधि में सोने की मांग मजबूत बने रहने की संभावना जताई जा रही है। जयपुर सर्राफा कमेटी की ओर से जारी ताजा भाव के अनुसार 24 कैरेट सोना 10 ग्राम 1 लाख 38 हजार 500 रुपए, 22 कैरेट सोना 1 लाख 29 हजार 500 रुपए प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया है। वहीं 18 कैरेट सोना 1 लाख 8 हजार रुपए और 14 कैरेट सोना 85 हजार 900 रुपए प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा है। चांदी रिफाइन के दाम गिरावट के बाद 2 लाख 40 हजार रुपए प्रति किलो दर्ज किए गए हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *