सिवनी पुलिस ने नए साल और त्योहारों के मद्देनजर विशेष अभियान चलाया है। इस अभियान का उद्देश्य यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाना, सड़कों पर बढ़ते अतिक्रमण को नियंत्रित करना और असामाजिक तत्वों पर अंकुश लगाना है। पुलिस टीम ने रात के समय शहर के व्यस्ततम क्षेत्रों में औचक निरीक्षण किया। इस दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर कार्रवाई की गई और 70 से अधिक वाहन चालकों को समझाइश दी गई। अभियान के तहत शहर के होटलों, ढाबों और लॉजों की भी सघन जांच की गई। पुलिस ने इन प्रतिष्ठानों के संचालकों को किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने के निर्देश दिए। टीआई बोले- त्योहारों में माहौल बिगाड़ने वालों पर सख्ती कोतवाली थाना प्रभारी सतीश तिवारी ने बताया कि त्योहारों के दौरान सड़कों पर वाहनों की आवाजाही बढ़ जाती है, और कुछ असामाजिक तत्व माहौल खराब करने का प्रयास करते हैं। ऐसे तत्वों पर अंकुश लगाने के लिए यह अभियान चलाया जा रहा है। थाना कोतवाली सिवनी पुलिस लगातार होटलों और ढाबों की जांच कर रही है। विभिन्न स्थानों पर वाहन चेकिंग लगाकर संदिग्ध वाहनों की तलाशी ली जा रही है। इसके अतिरिक्त, खुले में शराब पीने की शिकायतों वाले स्थानों पर पैदल गश्त कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। रात्रि में 10 से अधिक वाहनों पर कार्रवाई की गई।


