नकली ग्राहक बनकर पहुंची टीम, बिना पर्ची के बेची जा रही थी एमटीपी किट

भास्कर न्यूज | लुधियाना मातृ स्वास्थ्य कार्यक्रम ‘मिशन जीवनी’ के तहत जिले में मेडिकल टर्मिनेशन ऑफ़ प्रेग्नेंसी किट की गैर-कानूनी बिक्री को रोकने के लिए एक विशेष निरीक्षण अभियान चलाया गया। इस अभियान के दौरान जिला कंट्रोलिंग ऑफिसर (लुधियाना-थर्ड) नवदीप संधू ने छह मेडिकल प्रतिष्ठानों की चेकिंग की। चेकिंग के दौरान न्यू शक्ति नगर, लुधियाना स्थित चौधरी मेडिकोज’ में निरीक्षण अधिकारी की तरफ से भेजे गए एक नकली ग्राहक को बिना डॉक्टर के वैध पर्ची और बिना बिक्री का बिल (इनवॉइस) जारी किए एमटीपी किट बेचे जाने का मामला सामने आया। इस उल्लंघन को निरीक्षण रिपोर्ट में दर्ज किया गया। आगे की जांच में पता चला कि होलसेल ड्रग लाइसेंस होने के बावजूद, यह फर्म एमपीटी किट की खरीद का कोई रिकॉर्ड पेश नहीं कर सकी। कानून के संबंधित प्रावधानों के तहत फर्म के खिलाफ उचित कार्रवाई शुरू की जा रही है। अभियान के दौरान मलिक मेडिकल स्टोर मायापुरी, कौशल मेडिकोज मायापुरी, हरपाल मेडिकल स्टोर न्यू शक्ति नगर, राजू मेडिकल हॉल न्यू शक्ति नगर, लाडला मेडिकोज, न्यू शक्ति नगर में भी चेकिंग की। डिप्टी कमिश्नर हिमांशु जैन ने दोहराया कि जिला प्रशासन एमटीपी किट और अन्य नियंत्रित दवाओं की बिक्री से जुड़े कानूनों को सख्ती से लागू करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि निर्धारित नियमों का कोई भी उल्लंघन, जैसे बिना वैध पर्चे के बिक्री करना या जरूरी रिकॉर्ड न रखना, सख्त कानूनी कार्रवाई का कारण बनेगा। जन स्वास्थ्य की सुरक्षा और नियंत्रित दवाओं के दुरुपयोग को रोकने के लिए जिले भर में इस तरह के निरीक्षण अभियान जारी रहेंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *