नकली दवाओं से जुड़े एक गंभीर प्रकरण में लापरवाही और आचरण नियमों के उल्लंघन के आरोप में सहायक औषधि नियंत्रक संजय कुमार नेताम को निलंबित कर दिया गया है। विभागीय जांच में पाया गया कि उन्होंने कार्यालयीन समय के दौरान एक प्रकरण से जुड़े आरोपियों के साथ सार्वजनिक स्थान पर बैठक की और प्रकरण से जुड़ी फाइल भी दिखाई। मामले के तूल पकड़ने के बाद लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग ने कार्रवाई की है। निलंबन अवधि के दौरान नेताम का मुख्यालय कार्यालय नियंत्रक, खाद्य एवं औषधि प्रशासन, नवा रायपुर अटल नगर निर्धारित किया गया है। वहीं संजय नेताम के साथ बैठक में शामिल खाद्य सुरक्षा अधिकारी राखी सिंह ठाकुर का ट्रांसफर जशपुर कर दिया गया है। मामले में विभागीय जांच आगे भी जारी रहने की संभावना है। दरअसल, संजय नेताम ने नकली दवाओं के आरोपी सारंगढ़ निवासी खेमराज बानी और उनकी पत्नी से सुभाष स्टेडियम स्थित टेन कैफे (कॉफी हाउस) में दोपहर करीब 2.30 बजे मुलाकात की। यह कैफे उनके कार्यालय से महज 200 मीटर ही दूर है। यहां संजय नेताम प्रकरण संबंधी फाइलें भी देख रहे थे। इस दौरान उनके साथ राखी ठाकुर भी मौजूद रहीं। इसी बीच मीडिया में इस मीटिंग का वीडियो भी वायरल होने लगा। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने वीडियो को संज्ञान में लिया। विभाग ने माना कि कार्यालयीन समय में हुई बैठक और संबंधित फाइल भी आरोपियों को दिखाना छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण नियम, 1965 का उल्लंघन है। इसके आधार पर राज्य शासन ने संजय कुमार नेताम को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने का आदेश जारी किया है।


