नकली पुलिस बनकर नगदी-लैपटाप चुराया

भास्कर न्यूज | फाजिल्का जिले में ठगों ने फिल्मी स्टाइल में नकली पुलिस बनकर बड़ी ठगी को अंजाम दिया। सोने का झांसा देकर उन्होंने 2 व्यक्तियों को जाल में फंसाया, फिर नकली पुलिस बनकर आए कर्मचारी मारपीट कर एक लाख रुपए नकदी और लैपटॉप लूटकर फरार हो गए। शक होने पर उन्होंने पीछा कर 2 आरोपियों को काबू कर लिया जबकि 5 फरार हो गए। थाना खुईखेड़ा पुलिस ने 7 आरोपियों पर केस दर्ज कर 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि बाकी 5 की तलाश में पुलिस की छापेमारी जारी है। जांच अधिकारी एचसी सतपाल ने बताया कि उनको सतपाल वासी गली नंबर 1 माया विहार श्रीगंगानगर ने बयान दर्ज करवाए थे कि 1 अक्टूबर को दोपहर करीब 3 बजे वह अपने दोस्त दिनेश गोदारा के साथ था। इसी दौरान उनको पप्पू सिंह वासी पतरेवाला का फोन आया जिसने उसे बताया कि वह सस्ते दाम पर सोना बेचते हैं। जिस पर वह अपने साथी दिनेश गोदारा को साथ लेकर उसके गांव बकैनवाला पहुंचे जहां पर पहले से ही 2 अन्य लोग मौजूद थे। कुछ देर बाद अचानक गुरमीत सिंह वासी पत्तरेवाला, नायब सिंह वासी वनवाला, हरमीत सिंह वासी दानेवाला सतकोसी, जसविंदर सिंह वासी गुरु सर मौड़िया, बंटी सिंह वासी मलोट, साहिब सिंह वासी बकैनवाला नकली पुलिस की वर्दी पहनकर आए और दबिश देकर उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोपियों ने एक लाख रुपए नकदी और एक लैपटॉप छीन लिया और गाड़ी में बैठकर मौके से जाने लगे तो उनको शक हो गया क्योंकि उक्त आरोपी पुलिस की गाड़ी में नहीं आए थे। उन्होंने आरोपियों का पीछा करके जंडवाला मीरा सांगला के निकट ग्रामीणों के साथ मिलकर गुरमीत सिंह निवासी पत्तरेवाला और नायब सिंह निवासी वनवाला को काबू कर लिया जबकि अन्य 5 आरोपी फरार हो गए। सतपाल ने बताया कि आरोपियों की गाड़ी से उनको 1 लाख रुपए व लेपटॉप बरामद हो गया है। जांच अधिकारी एचसी कुलदीप ने बताया कि पुलिस ने गुरमीत सिंह निवासी पत्तरेवाला और नायब सिंह निवासी वनवाला को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि बाकी आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी है। सातों पर बीएनएस की धाराओं 318(4), 319(2), 308(2), 115(2), 61(2), 419, 420, 384, 323 और 120-बी तहत मामला दर्ज किया गया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *