भास्करन्यूज| जशपुरनगर लोदाम थाने की पुलिस ने नकली सोने की बिस्किट दिखाकर ठगी करने पहुंचे तीन आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया। पैसे देने से पहले खरीदार ने सोने की जांच कर ली थी। सोना नकली मिलने पर उसने पुलिस को सूचना दी। पुलिस के अनुसार ग्राम साईंटांगरटोली निवासी फिरोज हजाम ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि बलरामपुर जिले के ग्राम करकली निवासी कलाम खान ने उसे साढ़े चार सौ ग्राम का सोने की बिस्किट कम दाम में बेचने का प्रस्ताव दिया था। वीडियो कॉल पर बिस्किट दिखाकर 10 लाख रुपए में सौदा तय हुआ। 1 दिसंबर को आरोपी कलाम खान अपने दो साथियों शंकर भगत और बिहारी तिर्की के साथ कार में ग्राम जामटोली भलमंडा पहुंचा। फिरोज ने 10 हजार रुपये एडवांस दिए। जब आरोपियों ने नकली बिस्किट दिखाकर शेष राशि मांगी, तो फिरोज ने सुनार बुलाकर जांच कराई। बिस्किट नकली साबित हुई। पैसे वापस मांगने पर आरोपियों ने धमकी दी। फिरोज ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घेराबंदी कर तीनों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपी कलाम खान (26), शंकर लाल भगत (45) और बिहारी तिर्की (55) कुसमी थाना क्षेत्र के ग्राम करकली के निवासी हैं। उत्तरप्रदेश से लेकर आए थे नकली सोने के बिस्किट आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे नकली सोने का बिस्किट उत्तर प्रदेश से लेकर आए थे। पुलिस ने नकली बिस्किट, आरोपियों के मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त क्रेटा कार जब्त कर ली है। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि मामले में जांच जारी है। आरोपियों ने पहले भी किसी को ठगी का शिकार तो नहीं बनाया, इसकी जांच की जा रही है।


