भास्कर न्यूज | कवर्धा बिलासपुर में हुई पीडब्ल्यूडी सब-इंजीनियर परीक्षा में डिजिटल नकल और धांधली के विरोध में एनएसयूआई ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का पुतला जलाया। वीर स्तंभ चौक पर यह प्रदर्शन हुआ। प्रदर्शन का नेतृत्व जिला अध्यक्ष शितेष चन्द्रवंशी ने किया। उन्होंने कहा कि यह घोटाला प्रदेश की परीक्षा प्रणाली पर सवाल खड़ा करता है। शितेष ने आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा सरकार के आने पर हर बार भ्रष्टाचार और धांधली सामने आती है। यह पहली बार नहीं हुआ। रमन सरकार में भी शिक्षा मंत्री की पत्नी की जगह कोई और परीक्षा देने पहुंचा था। भाजपा की नीति रही है कि शिक्षा का स्तर गिराकर अपनों को फायदा पहुंचाया जाए। प्रदर्शन में कांग्रेस कमेटी कवर्धा ब्लॉक अध्यक्ष मणिकांत त्रिपाठी, युवा कांग्रेस के प्रदेश सचिव आकाश केशरवानी, जिला महासचिव राहुल सिन्हा, दामोदर चन्द्रवंशी आदि मौजूद थे। शिक्षा विभाग में भी भ्रष्टाचार का आरोप एनएसयूआई के जिलाध्यक्ष शितेष ने कहा कि कवर्धा में भी शिक्षा विभाग में बड़ा भ्रष्टाचार हो रहा है। एनएसयूआई के लगातार प्रदर्शन के बाद जिला शिक्षा अधिकारी का तबादला तो हुआ, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि नए शिक्षा अधिकारी से मिलकर मुद्दों को रखेंगे। अगर फिर भी कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन और तेज, व्यापक और निर्णायक होगा।


