दुर्ग जिले के पुलगांव थाना अंतर्गत जेवरा सिरसा चौकी क्षेत्र में चार-पांच नकाबपोशों ने एक हिस्ट्री शीटर को चाकू से गोद-गोदकर मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने शव को पीएम के लिए भेज दिया है। हत्या का मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। जेवरा सिरसा चौकी प्रभारी पुरुषोत्तम कुर्रे ने बताया कि मामला शुक्रवार देर रात 10.15 बजे का है। दुर्ग सिकोला भाठा निवासी हिस्ट्री शीटर बदमाश अवतार मरकाम (40 साल) चिखली में स्थित इंदर ढाबा में अपने दोस्तों के साथ पार्टी करने गया था। इसी दौरान अचानक चार से पांच नकाबपोश युवक चाकू लेकर आए और अवतार पर कई वार किए। इससे उसकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि आरोपी औतार की हत्या की नियत से ही आए थे और उसी के ऊपर जानलेवा हमला किया। उन्होंने उसके गले, सीने और कानपट्टी के पास चाकू से कई वार किए और फरार गए। उसके दोस्त ने वहां मौजूद लोगों की मदद से उसे तुरंत शंकराचार्य हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अपने दोस्त के साथ गया था पार्टी करने पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक अवतार का दोस्त सोना मजुमदार सिकोलाभाठा में ही रहता है। वो अपन 4-5 दोस्तों के साथ इंदर ढाबा पार्टी करने आया था। उसी ने अवतार को फोन करके वहां बुलायाय था। अवतार वहां गया और सभी मिलकर पार्टी कर रहे थे कि तभी उनपर जानलेवा हमला हो गया। ढाबों में परोसी जा रही खुलेआम शराब पुलिस और आबकारी विभाग ने सरकारी शराब दुकान के पास ही चखना सेंटर खोला है, जहां बैठकर लोग शराब पी सकते हैं। इसके अलावा की अन्य ढाबा, होटल या सार्वजनिक स्थान में शराब पीना अपराध है। इसके बाद भी ढाबों में खुलेआम शराब उपलब्ध कराई जा रही है और पीने दिया जा रहा है। बताया जा रहा है कि इंदर ढाबा में भी शराब पार्टी के दौरान ही जानलेवा हमला हुआ है। हिस्ट्री शीटर है अवतार मरकाम अवतार मरकाम मोहन नगर थाने का निगरानी बदमाश और हिस्ट्री शीटर है। उसके खिलाफ मोहन नगर थाने सहित जिले के अन्य थानों में कई गंभीर अपराध दर्ज हैं। पुलिस पता लगा रही है कि उसकी हत्या किसी दूसरे गैंग के लोगों ने पुरानी रंजिश के चलते की है या फिर किसी दूसरे ने। खबर लिखे जाने तक आरोपियों का कोई पता नहीं चल पाया है।


