कांकेर जिले के नक्सल प्रभावित क्षेत्र कोयलीबेड़ा और अंतागढ़ विकासखंड में अंतिम चरण के लिए वोटिंग हुई। नक्सल प्रभावित उसेली और गुमझिर पंचायत के मतदाता बड़ी संख्या में वोट डालने पहुंचे। बता दें कि कोयलीबेड़ा में 103 और अंतागढ़ में 56 सरपंच पदों के लिए चुनाव हो रहा है। इसके अलावा कोयलीबेड़ा में 25 और अंतागढ़ में 13 जनपद सदस्य तथा 4 जिला पंचायत सदस्यों के लिए मतदान जारी है। सभी पदों के लिए कुल 500 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। वोट देने आए मतदाताओं ने कहा कि वे ऐसे प्रत्याशी को वोट देंगे जो क्षेत्र को नक्सल मुक्त करने में मदद करे। लोगों को धूप में इंतजार करना पड़ा मतदान की शुरुआत में कुछ व्यवस्थागत खामियां सामने आई थी। मतदान पर्चियां फीकी होने से मतदाताओं को परेशानी हो रही थी। नक्सल क्षेत्र होने के कारण कई मतदाताओं तक मतदान पर्चियां नहीं पहुंच पाई हैं। इससे वोटर नंबर खोजने में समय लग रहा था और लोगों को धूप में इंतजार करना पड़ा। क्षेत्र को नक्सल मुक्त बनाने वाले को देंगे वोट मतदाताओं ने कहा कि वे ऐसे प्रत्याशी को वोट देंगे जो क्षेत्र को नक्सल मुक्त करने में मदद करे। साथ ही सड़क, पुल, नल-जल और बिजली जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराए। मतदाता राशन कार्ड की समस्याओं के समाधान और मनरेगा के तहत तालाब गहरीकरण से मछली पालन जैसी आजीविका की उम्मीद कर रहे हैं। अपने पक्ष में वोट की अपील कर रहे प्रत्याशी प्रत्याशी सुबह से ही मतदाताओं को मतदान केंद्र तक पहुंचाने की व्यवस्था कर रहे हैं और अपने पक्ष में वोट की अपील कर रहे हैं।


