छत्तीसगढ़ में आत्मसमर्पित नक्सलियों और नक्सल हिंसा से प्रभावित परिवारों को पक्का मकान मिलेगा। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) की विशेष परियोजना के तहत पहले चरण में 2500 परिवारों के बैंक खातों में 40-40 हजार रुपए की राशि हस्तांतरित की गई है। केंद्र सरकार ने राज्य को कुल 15000 आवासों का लक्ष्य दिया है। यह राशि राज्य के 17 जिलों में चयनित परिवारों को दी गई है। सूरजपुर जिले में 7 पात्र परिवारों में से 4 को स्वीकृति मिली है। इनमें ओड़गी जनपद पंचायत के खोड़ ग्राम के हिम्मत सिंह, प्रतापपुर जनपद के जजावल ग्राम के जयकरण और अकालू तथा सूरजपुर जनपद के गोपालपुर की बबीता शामिल हैं। आत्मसमर्पित नक्सली और पीड़ित परिवारों का अलग से हुआ सर्वे मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बताया कि आवास की स्वीकृति सामाजिक आर्थिक जाति जनगणना 2011 और आवास प्लस 2018 की सूची से होती है। भारत सरकार ने छत्तीसगढ़ शासन के अनुरोध पर आत्मसमर्पित नक्सली और पीड़ित परिवारों के लिए अलग से सर्वे का प्रावधान किया है। कार्यक्रम में कलेक्टर एस जयवर्धन, एसपी प्रशांत कुमार ठाकुर, जिला पंचायत सीईओ कमलेश नंदिनी साहू सहित अन्य अधिकारी और हितग्राही मौजूद रहे।


