नगरपालिका चुनाव को लेकर नियंत्रण कक्ष सक्रिय

भास्कर न्यूज | कोडरमा नगरपालिका आम निर्वाचन 2026 को लेकर कोडरमा जिले में चुनावी गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में झुमरी तिलैया नगर परिषद, नगर पंचायत कोडरमा एवं नगर पंचायत डोमचांच क्षेत्र में होने वाले निर्वाचन के लिए राज्य निर्वाचन आयोग, झारखंड, रांची द्वारा नियुक्त सामान्य प्रेक्षक एवं व्यय प्रेक्षक का आगमन कोडरमा जिला में हो चुका है।नगरपालिका आम निर्वाचन के दौरान चुनाव से संबंधित शिकायत, सूचना एवं सुझाव प्राप्त करने के उद्देश्य से राज्य निर्वाचन आयोग स्तर एवं जिला स्तर पर 24×7 नियंत्रण कक्ष की स्थापना की गई है। इसके माध्यम से आम नागरिक अपनी समस्याएं, शिकायतें एवं सुझाव सीधे प्रशासन तक पहुंचा सकते हैं। झुमरी तिलैया नगर परिषद क्षेत्र के लिए स्मिता टोप्पो, झारखंड प्रशासनिक सेवा को सामान्य प्रेक्षक तथा अक्षय कुमार, राज्य कर सहायक आयुक्त, हजारीबाग को व्यय प्रेक्षक नियुक्त किया गया है। वहीं नगर पंचायत कोडरमा क्षेत्र के लिए पंकज कुमार साव, झा.प्र.से. सामान्य प्रेक्षक एवं राजेश राज महली, राज्य कर सहायक आयुक्त, गिरिडीह को व्यय प्रेक्षक बनाया गया है। नगर पंचायत डोमचांच क्षेत्र के लिए इन्द्र कुमार, झा.प्र.से. को सामान्य प्रेक्षक तथा मोहम्मद गुफराम अहमद, राज्य कर पदाधिकारी, बोकारो को व्यय प्रेक्षक के रूप में नियुक्त किया गया है। जिला प्रशासन द्वारा आम जनता को सूचित किया गया है कि नगरपालिका आम निर्वाचन 2026 से संबंधित किसी भी प्रकार की सूचना, शिकायत अथवा सुझाव के लिए प्रेक्षक अथवा नियंत्रण कक्ष से संपर्क किया जा सकता है। प्रेक्षक से मिलने का समय सोमवार से शनिवार पूर्वाह्न 11 बजे से 12 बजे तक निर्धारित किया गया है। इसके लिए परिसदन, कोडरमा में आम नागरिक उनसे मुलाकात कर सकते हैं। जिला प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि निर्वाचन प्रक्रिया को पारदर्शी, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं और आम जनता की सहभागिता को विशेष महत्व दिया जा रहा है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *