नगरसेना जवानों ने कमांडेंट को हटाने की मांग की:प्रताड़ना का आरोप, शिकायत पर कार्रवाई न होने से नाराजगी

कोरबा में नगरसेना के जवानों ने एक बार फिर कमांडेंट एके एक्का को हटाने की मांग की है। मंगलवार को लगभग 60 जवान परेड ग्राउंड में इकट्ठा हुए और कमांडेंट के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। जवानों का आरोप है कि वे लंबे समय से प्रताड़ना और अभद्र व्यवहार का सामना कर रहे हैं। प्रदर्शन की सूचना मिलते ही तहसीलदार बजरंग साहू, नगर पुलिस अधीक्षक प्रतीक चतुर्वेदी और सिविल लाइन थाना प्रभारी नवीन पटेल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने जवानों से बातचीत कर उनकी शिकायतें सुनीं और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। जवानों ने बताया कि वे पहले भी कमांडेंट के खिलाफ शिकायत कर चुके हैं। उस समय उच्च अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर आश्वासन दिया था, लेकिन स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ। उनका आरोप है कि जिन जवानों ने पहले अपनी बात रखी थी, उन्हें अब और अधिक परेशान किया जा रहा है, जिस पर तुरंत रोक लगनी चाहिए। जवानों ने नगरसेना कार्यालय में अपनी पीड़ा व्यक्त की मंगलवार को नगरसेना कार्यालय में एकत्रित होकर जवानों ने अपनी पीड़ा व्यक्त की। उन्होंने कहा कि मानसिक दबाव, प्रताड़ना और अपमानजनक व्यवहार के कारण उनके लिए काम करना मुश्किल हो गया है। जवानों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराने और कमांडेंट को कोरबा से हटाने की मांग की, ताकि कार्यस्थल का माहौल सामान्य हो सके। अतिरिक्त तहसीलदार ने कार्रवाई न होने की बात कही अतिरिक्त तहसीलदार बजरंग साहू ने बताया कि जवानों ने पहले भी कमांडेंट के खिलाफ शिकायत की थी। उन्होंने कहा कि जवान कार्रवाई न होने के कारण फिर से एकत्रित हुए हैं और इस मामले से उच्च अधिकारियों को अवगत कराया जाएगा। सीएसपी ने मौके पर पहुंचकर जवानों की समस्याएं सुनी सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए वे मौके पर पहुंचे थे और जवानों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने यह भी बताया कि विरोध प्रदर्शन की जानकारी मिलते ही कमांडेंट ए.के. एक्का अपने दफ्तर में मौजूद नहीं थे और दफ्तर बंद पाया गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *