नगर कीर्तन में गतका टीमों के शस्त्र प्रदर्शन ने शौर्य परंपरा की झलक दिखाई

भास्कर न्यूज |लुधियाना गुरुद्वारा सिंह सभा बसंत एवन्यू से दशम पिता श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के पावन प्रकाश पर्व पर भव्य नगर कीर्तन सजाया गया। यह नगर कीर्तन श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी तथा पंज प्यारों की अगुवाई में निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में संगत ने भाग लिया। नगर कीर्तन में बैंड-बाजे, गतका टीमों और स्त्री सत्संग सभा की भागीदारी रही। गतका टीमों ने शस्त्र कला के प्रदर्शन से संगत को गुरु साहिब की शौर्य परंपरा की याद दिलाई। वहीं स्त्री सत्संग सभा ने गुरबाणी कीर्तन के माध्यम से वातावरण को भक्तिमय बना दिया। पूरे मार्ग पर संगत “जो बोले सो निहाल, सत श्री अकाल” के जयकारे लगाती हुई आगे बढ़ी। इस अवसर पर ब्लॉक प्रधान हरदीप सिंह चावला ,सरपंच सुखविंदर कौर बावा ,सुषमा और परमिंदर सिंह की टीम ने नगर कीर्तन का स्वागत किया। उन्होंने नगर कीर्तन पर फूलों की वर्षा कर संगत का अभिनंदन किया। कीर्तन में श्रद्धालुओं के लिए दूध और छोले-कुलचे का लंगर भी लगाया गया। हरदीप सिंह ने बताया कि गुरु गोबिंद सिंह जी का प्रकाश पर्व हमें साहस, त्याग और समानता का संदेश देता है, जिसे हमें अपने जीवन में अपनाना चाहिए। इस दौरान सभी ने पंज प्यारों को सिरोपा डालकर सम्मानित किया। इस मौके पर सरपंच प्रमोद शर्मा ,सरपंच सुनीता शर्मा ,ब्लॉक समिति सदस्य प्रीत मोहिंदर सिंह मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *