भास्कर न्यूज| सरायकेला नगर निकाय निर्वाचन की पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शुक्रवार को एनआर प्लस टू स्कूल में निर्वाचन से जुड़े निगरानी दलों को विशेष प्रशिक्षण दिया गया। इस दौरान उड़न दस्ता दल, एफएसटी (स्टैटिक सर्विलांस टीम) एवं वीएसटी (वीडियो सर्विलांस टीम) को उनके दायित्वों और जिम्मेदारियों की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। प्रशिक्षण सत्र में प्रशिक्षक तरुण कुमार सिंह ने सभी टीमों को नियमों और कार्यप्रणाली की बारीकियां समझाईं। प्रशिक्षण के दौरान बताया गया कि उड़न दस्ता दल निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान अत्यधिक प्रचार खर्च, मतदाताओं को नकद अथवा वस्तु के रूप में रिश्वत वितरण, शराब एवं असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर सतत निगरानी रखेगा। इससे संबंधित प्रतिदिन की सूचना प्रतिवेदन निर्वाचन व्यय लेखा कोषांग, पुलिस अधीक्षक एवं जिला निर्वाचन पदाधिकारी को उपलब्ध कराई जाएगी। एफएसटी का गठन जिले के निर्धारित चेक पोस्टों पर किया गया है। यह टीम अन्य जिलों से आने वाले एवं जिले के भीतर संचालित सभी प्रकार के वाहनों और संदिग्ध व्यक्तियों पर निगरानी रखेगी। विशेष रूप से भारी मात्रा में नकद राशि, अवैध अस्त्र-शस्त्र, गोला-बारूद एवं शराब के जिले में प्रवेश पर कड़ी नजर रखी जाएगी, ताकि निर्वाचन की सूचिता बनी रहे। एफएसटी द्वारा भी प्रतिदिन संबंधित अधिकारियों को सूचना प्रतिवेदन सौंपा जाएगा। वहीं वीएसटी का दायित्व नगरपालिका क्षेत्र में होने वाली संवेदनशील घटनाओं, जनसभाओं, रैलियों एवं जुलूसों की संपूर्ण वीडियोग्राफी करना होगा।


