नगर निगम की ढील से सिटी के बाजारों में दुकानदारों ने सड़क पर कर रखे हैं कब्जे

भास्कर न्यूज | पठानकोट सिटी के विभिन्न बाजारों में निगम की ढील का फायदा अतिक्रमणकारी उठाने लगे हैं। यही कारण है कि इन दिनों शहर के विभिन्न बाजारों में अतिक्रमणकारियों का जाल बढ़ता जा रहा है। बात ढांगू रोड की करें तो शहर के मेन बाजार में डाकखाना चौक में जहां अधिकतर सड़क पर मेन डाकखाना के बाहर खड़े टू-व्हीलरों ने कब्जा कर रखा है। वहीं गाड़ी अहाता चौक से ताया पकौड़ा वाला से थोड़ा आगे जाए तो मेन बाजार के एंट्री प्वाइंट पर ही फड़ी विक्रेताओं का कब्जा। मेन बाजार, गांधी चौक में दुकानदारों ने 10-10 फीट तक रोड पर कब्जा कर रखा है लेकिन निगम टीम हाथ पर हाथ धरे बैठी है। इसी तरह रेलवे रोड पर भी 10 से 15 फीट तक अतिक्रमण है। बस स्टैंड के बाहर भी हालात ठीक नहीं। सलारिया चौक के निकट भी दुकानदारों ने बंद पड़ी ट्रैफिक लाइटों के निकट अतिक्रमण किया हुआ है। गाड़ी अहाता चौक शहीदी स्मारक के निकट भी दुकानदारों ने कई-कई फीट तक सड़क पर सामान लगाकर कब्जा जमा रखा है। एपीके रोड पर भी आई लव पठानकोट तक हालात ठीक नहीं। ढांगू रोड पर भी एशिया पैलेस के निकट, मॉडल टाउन एरिया तथा सुंदर नगर में भी अधिकतर दुकानदारों ने अतिक्रमण कर रखा है। बता दें कि करीब 8 साल पहले निगम ने मेन बाजार के दुकानदारों को केवल ढाई फीट की छूट देकर अपना सामान ढाई फीट से आगे नहीं लगाने की हिदायत जारी की थी लेकिन आज हालात बिल्कुल बदल चुके हैं। उन हिदायतों को नजरअंदाज कर दुकानदार अतिक्रमण बढ़ाते चले जा रहे है जिससे सड़क तंग होती चली जा रही है। सुनील कुमार, सुरिंद्र कुमार, अभि शर्मा और नरेंद्र कुमार ने निगम से मांग उठाई कि सिटी के विभिन्न बाजारों में से अतिक्रमण को हटाकर बाजारों को खुला कराया जाए। जल्द चलाएंगे अतिक्रमण हटाओ अभियान इधर नगर निगम तहबाजारी ब्रांच के इंचार्ज प्रदीप कुमार ने कहा कि वह जल्द ही पूरी टीम के साथ सिटी में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाएंगे। उन्होंने दुकानदारों को हिदायत की है कि वह अपनी दुकानों के लगाया गया सामान स्वंय हटा लें अन्यथा उनका सामान जब्त किया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *