नगर निकाय चुनाव के नामांकन पत्रों की जांच प्रक्रिया पूरी हो गई है। चुनाव आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, शुक्रवार, 6 फरवरी को दोपहर 3 बजे तक नामांकन वापस लेने की अंतिम तिथि है। जो प्रत्याशी चुनाव से हटना चाहते हैं, वे आज अपना नाम वापस ले सकते हैं। नाम वापसी के बाद यह स्पष्ट हो जाएगा कि कितने प्रत्याशी चुनावी मैदान में बने रहेंगे और कितने पदों पर निर्विरोध निर्वाचन होता है। इससे पहले 5 फरवरी को निर्वाचित अधिकारियों ने दाखिल नामांकन पत्रों की जांच की। इस जांच के बाद यह स्पष्ट हो गया कि कौन से प्रत्याशी चुनाव में अपनी दावेदारी पेश कर सकेंगे। 348 नामांकन पत्रों में त्रुटियों के कारण उन्हें रद्द किया गया
जांच के बाद राज्य भर में कुल 424 नामांकन पत्र रद्द कर दिए गए। इनमें नगर निगम महापौर, नगर परिषदों और नगर अध्यक्षों के लिए दाखिल 76 नामांकन पत्र शामिल थे। वहीं, वार्ड पार्षदों के लिए दाखिल किए गए 348 नामांकन पत्रों में त्रुटियों के कारण उन्हें रद्द किया गया। जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद, राज्य भर में कुल 6,555 प्रत्याशियों के नामांकन स्वीकार किए गए हैं। इनमें महापौर और अध्यक्ष पद के लिए 498 प्रत्याशी शामिल हैं, जबकि 5,957 प्रत्याशी वार्ड पार्षद के पदों के लिए चुनावी मैदान में हैं। महिलाओं का रहेगा दबदबा, चलाएंगी शहरी सरकार बताते चलें कि झारखंड में नगर निकाय चुनाव कुल 48 जगहों पर चुनाव होने हैं। इसमें 9 नगर निगम, 20 नगर परिषद तथा 19 नगर पंचायत में चुनाव होने हैं। इसमें सभी पदों में कुल 6,555 उम्मीदवारों में 3,229 महिलाओं ने अलग-अलग पदों के लिए नामांकन किए हैं। इसमें महापौर और अध्यक्ष के लिए 251 तथा वार्ड पार्षद पद के लिए 2978 महिलाओं ने नामांकन दाखिल किया है। शनिवार को प्रत्याशियों को आवंटित होंगे चुनाव चिह्न बताते चलें कि शुक्रवार को नाम वापसी की प्रक्रिया पूर्ण होम के बाद शनिवार को बचे हुए प्रत्याशियों को चुनाव चिह्न आवंटित किए जाने हैं। इसके बाद ही शहरी व नगर पंचायत क्षेत्रों में चुनावी शोर शुरू हो जाएगा। मेयर/अध्यक्ष पद के लिए ये सिंबल तय बताते चलें कि तीन अलग-अलग भागों में बंटे इस नगर निकाय चुनाव में मेयर/अध्यक्ष पद के लिए एयर कंडीशनर, छड़ी, चूड़ियां, बैटरी टॉर्च, बेंच, बिस्कुट, कंप्यूटर माउस, फव्वारा, रूम कूलर, आइसक्रीम, जूता, कूदने की रस्सी, रूम हीटर, सिलाई मशीन, ड्रिल मशीन और 50 से अधिक अन्य प्रतीक तय किए गए हैं। वहीं, वार्ड पार्षद पदों के लिए अलमारी, बेबी वॉकर, बल्ला, मोतियों का हार, साइकिल पंप, डबल रोटी, ब्लैक बोर्ड, चारपाई, स्टूल, लंच बॉक्स, माइक, पैंट, रोड रोलर, रूम हीटर, सिलाई मशीन, मिक्सर ग्राइंडर और अन्य कई प्रतीक घोषित किए गए हैं।
यदि किसी वार्ड या नगर क्षेत्र में प्रत्याशियों की संख्या तय चिह्नों से अधिक होती है, तो सुरक्षित प्रतीक जैसे सेब, गुब्बारा, बेल्ट, लैपटॉप, रेफ्रिजरेटर, प्रेशर कुकर, रोबोट, स्कूल का बस्ता, फूलदान आदि आवंटित किए जाएंगे ।


