भास्कर न्यूज| जालंधर नगर निगम में आउट सोर्सिंग के जेई बिलों पर साइन नहीं करेंगे। हाल ही में चंडीगढ़ के लोकल बॉडीज विभाग से आए पत्र के बाद निगम ने यह कदम उठाया है। यही नहीं नगर निगम में ठेकेदारी करने वाले आउट सोर्सिंग के जेई का रिकॉर्ड भी तलब किया है। बता दें कि नगर निगम में बीते दिनों आउट सोर्सिंग के जेई ने एजेंसी बनाकर काम किए थे। इसका पता जब वित्त एंड ठेका कमेटी को लगा तो उन्होंने उसके सारे काम रद्द कर दिए थे। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए ही लोकल बॉडी विभाग ने निगम को पत्र लिखा है। वहीं, वार्ड में काम के बिलों पर अब रेगुलर जेई ही साइन करेंगे। इस संबंध में सीनियर डिप्टी मेयर बलबीर सिंह बिट्टू ने कहा कि लोकल बॉडी विभाग से पत्र मिला है। इसलिए आउट सोर्सिंग के जेई के बिलों पर साइन करने पर रोक लगाने का फैसला लिया है।


